खेल : हरमनप्रीत-अभिषेक की जुगलबंदी से भारत ने पाक पर विजय पताका फहराई
विश्व कप एम्सटेलवीन, एजेंसी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ ही अभिषेक ने भी अपनी स्टिक का कमाल दिखाया। दोनों के दो-दो गोल

विश्व कप एम्सटेलवीन, एजेंसी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ ही अभिषेक ने भी अपनी स्टिक का कमाल दिखाया। दोनों के दो-दो गोल के दम पर भारतीय हॉकी ने बुधवार को पाकिस्तान को 5-3 से पटखनी देकर विश्व कप के दूसरे दौर में भी प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही भारत ने पाक के खिलाफ एक दशक से चला आ रहा अपना अजेय अभियान भी जारी रखा। हार से पाक का सफर पहले दौर में थम गया।
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला
आठ साल बाद विश्व कप खेल रहा पाक पहले क्वार्टर में ही दो गोल गंवाने के बाद दबाव में आ गई थी। दूसरे क्वार्टर में दो गोल करके उसने वापसी की कोशिश की लेकिन पिछले दो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी भारतीय टीम अपेक्षा के अनुरूप उस पर भारी पड़ी। दस हजार की दर्शक क्षमता वाले वेगनेर स्टेडियम पर बड़ी संख्या में जमा दोनों टीमों के समर्थकों का जोश भी चरम पर था। लगातार भारत माता की जय, जीतेगा भई जीतेगा इंडिया जीतेगा के नारे सुनाई देते रहे। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5वें, 21वें मिनट, पेनाल्टी कॉर्नर) जबकि अभिषेक (11वें, 24वें मिनट, मैदानी) ने दो-दो गोल किए। एक गोल हार्दिक सिंह ने 34 वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक पर किया। आदित्य लालागे को 56वें मिनट में पीला कार्ड मिलने से भारत को आखिरी मिनटों में दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। पाकिस्तान को आखिरी सीटी बजने से दो मिनट पहले पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वैरिएशन नाकाम रहा।
भारत की एतिहासिक जीत
पाकिस्तान के लिए हन्नान शाहिद (22वें, 46वें मिनट, मैदानी) जबकि सूफियान शेख (24वें मिनट, पेनाल्टी कॉर्नर) ने गोल किए। पूल डी से इंग्लैंड और भारत ने दूसरे दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया। इंग्लैंड से पहले दौर में हारने वाली भारतीय टीम दूसरे दौर में कोई अंक लेकर नहीं जाएगी।
भारत-पाक का पुराना मुकाबला
53 साल बाद फिर जीत : भारत-पाक विश्व कप में 16 साल बाद आमने-सामने थे। पिछली बार दिल्ली में 2010 विश्व कप में भी भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था। वेगनेर स्टेडियम पर दोनों टीमें 53 साल बाद टकराई। इसमें फिर भारत ने बाजी मारी। पिछली बार 1973 में भारत ने पाक को सेमीफाइनल में एक गोल से हराया था। पाकिस्तान के लिए यह मैच करो या मरो का था जिसे इंग्लैंड ने 4 -1 से हराया था जबकि वेल्स के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा था।
भारत का आक्रामक खेल
आक्रामक शुरुआत : भारत ने पहले ही मिनट से आक्रामक खेल दिखाया। शुरुआती पंद्रह मिनट में पूरा खेल पाकिस्तान के सर्कल में हुआ। भारत ने पहले क्वार्टर में चार पेनाल्टी कॉर्नर बनाए जिनमें से दूसरे पर पांचवे मिनट में हरमनप्रीत ने गोल करके बढ़त बना ली। इससे पहले सुखजीत ने बाएं फ्लैंक से गेंद सर्कल पर अभिषेक को सौंपी लेकिन पाकिस्तानी गोलकीपर अली रजा ने अच्छा बचाव किया। भारत को अगले मिनट तीसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस बार पाक गोलकीपर ने हरमनप्रीत की फ्लिक को भांपकर गोल नहीं होने दिया। पहला विश्व कप खेल रहे आदित्य लालागे जबर्दस्त ड्रिबलिंग का प्रदर्शन करते हुए गेंद लेकर डी के भीतर घुसे लेकिन शानदार मूव को फिनिशिंग टच नहीं दे सके। शानदार फॉर्म में दिख रहे अभिषेक ने भारत को बढ़त दिलाई।


