एसआईआर प्रक्रिया पर अमेरिकी सांसद की टिप्पणी अस्वीकार्य : क्वात्रा
भारत ने अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर की गई टिप्पणियों को आंतरिक मामलों में अस्वीकार्य हस्तक्षेप बताया है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि भारत मजबूत संवैधानिक संस्थाओं और स्वतंत्र चुनावों वाला जीवंत लोकतंत्र है। जयपाल ने मतदाता सूची से कथित तौर पर 13 करोड़ नाम हटाए जाने पर चिंता जताई और लोकतंत्र की रक्षा की अपील की।

वाशिंगटन, एजेंसी। भारत ने अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाने वाली टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताया है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने गुरुवार को एक्स पोस्ट में कहा, भारत की चुनावी और राजनीतिक प्रक्रियाओं पर जयपाल की टिप्पणियां भारत के आंतरिक मामलों में अस्वीकार्य हस्तक्षेप है। जयपाल ने भारत में मतदाता सूची के मसौदे से 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की कथित खबरों पर चिंता जताई थी।क्वात्रा ने कहा, भारत एक जीवंत लोकतंत्र है। देश में मजबूत और स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाएं हैं तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का लंबा इतिहास रहा है।
उन्होंने कहा कि वह जयपाल की गलतफहमियां दूर करने के लिए उनके साथ रचनात्मक बातचीत करने को हमेशा तैयार हैं।डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद जयपाल ने भारत में एसआईआर और सीईसी के विरोध में किए जा रहे प्रदर्शनों का समर्थन किया था। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि भारत में हो रहे घटनाक्रम अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा लोकतंत्र में मतदान के अधिकारों को कमजोर करने के लिए अपनाए जा रहे तरीकों जैसे प्रतीत होते हैं। जयपाल ने कहा कि हर जगह लोकतंत्र की रक्षा करना बेहद जरूरी है।

