ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशभारत-आसियान रिश्ते: भारत से प्रेरित है इंडोनेशिया का नाम

भारत-आसियान रिश्ते: भारत से प्रेरित है इंडोनेशिया का नाम

जानें इंडोनेशिया के बारे में : -राजधानी : जकार्ता -क्षेत्रफल : 19,04,569 वर्ग किलोमीटर -आबादी : 26.1 करोड़ -जीडीपी : 9,32,259 अरब डॉलर (लगभग 5,59,35,540 अरब रुपये) -राष्ट्राध्यक्ष : जोको विडोडो...

भारत-आसियान रिश्ते: भारत से प्रेरित है इंडोनेशिया का नाम
हिंदुस्तान,नई दिल्लीFri, 26 Jan 2018 02:19 PM
ऐप पर पढ़ें

जानें इंडोनेशिया के बारे में :
-राजधानी : जकार्ता
-क्षेत्रफल : 19,04,569 वर्ग किलोमीटर
-आबादी : 26.1 करोड़
-जीडीपी : 9,32,259 अरब डॉलर (लगभग 5,59,35,540 अरब रुपये)
-राष्ट्राध्यक्ष : जोको विडोडो (राष्ट्रपति)
 
धार्मिक जुड़ाव
-भारत और इंडोनेशिया के संबंधों का जिक्र रामायण में मिलता है, मान्यता है कि राम के सेना प्रमुख सुग्रीव ने सीता की खोज में अपनी वानर सेना को यवद्वीप (जावा) और सुवर्ण द्वीप (सुमात्रा) भी रवाना किया था
-त्रिमूर्ति (ब्रह्मा, विष्णु, महेश) को समर्पित जावा के ‘प्रमबनन मंदिर’ में मुस्लिम समुदाय हर पूर्णिमा की रात रामायण नृत्य प्रस्तुत करता है, सुमात्रा की इस्लामी इमारतें भारत की मुगलकालीन कला से प्रेरित नजर आती हैं
-दुनिया का सबसे बड़ा बौद्ध मंदिर ‘बोरोबुदुर विहार’ इंडोनेशिया के जावा प्रांत में स्थित है, 9वीं सदी में निर्मित इस मंदिर पर भारत की गुप्त-कालीन कला का गहरा प्रभाव झलकता है
 
भाषाई जुड़ाव
-दोनों देशों की संस्कृति में समानता के चलते इंडोनेशिया का नामकरण लातिन शब्द ‘इंडस’ और ग्रीक शब्द ‘नेसोस’ को मिलाकर किया गया, जिनका हिंदी अर्थ ‘भारत’ व ‘द्वीप’ होता है
-इंडोनेशिया में बोली जाने वाली भाषाओं पर संस्कृत का गहरा प्रभाव दिखता है, वहां की जावाई लिपि भी भारत में जन्मी पल्लव लिपि से प्रेरित मानी जाती है
-यही नहीं, बताते हैं कि श्रीविजय काल (7वीं से 14वीं सदी) में बड़ी संख्या में इंडोनेशियाई छात्र अध्ययन के लिए भारत की नालंदा यूनिवर्सिटी आते थे
 
सांस्कृतिक जुड़ाव
-1927 में इंडोनेशिया पहुंचे रवींद्रनाथ टैगोर बाली की खूबसूरती से बेहद प्रभावित हुए थे, उन्होंने कहा था, ‘मैं इस द्वीप पर जहां भी जाता हूं, मुझे ईश्वर नजर आता है।’
-1950 में इंडोनेशिया दौरे पर गए तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बाली की सुबह को दुनिया की सबसे खूबसूरत सुबह करार दिया था।
-1989 में इंडोनेशिया में भारतीय नृत्य, संगीत और योग को बढ़ावा देने के लिए जकार्ता में जवाहरलाल नेहरू भारतीय सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना की गई थी।
 
कूटनीतिक जुड़ाव
-1945 से 1949 के बीच इंडोनेशिया में चले स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारत और मिस्र ने न सिर्फ उसे सबसे पहले आजाद देश के रूप में मान्यता दी, बल्कि राजनयिक संबंध भी काम किए
-अप्रैल 1961 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने इंडोनेशिया के तत्कालीन राष्ट्रपति सुकर्णो सहित चार राष्ट्राध्यक्षों के साथ मिलकर गुट-निरपेक्ष आंदोलन की स्थापना की थी
 
नंबर गेम
-1602 से 20वीं सदी की शुरुआत तक डच हुकूमत के अधीन रहा इंडोनेशिया
-1942 में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान ने इंडोनेशिया पर कब्जा कर लिया
-1945 में जापान के समर्पण के बाद इंडोनेशिया ने आजादी की घोषणा की, 1949 में डच हुकूमत ने स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दी
 
महत्व
-हिंद महासागर क्षेत्र को यात्री और मालवाहक जहाजों की आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाए रखने में इंडोनेशिया की भूमिका अहम
-दक्षिण पूर्वी एशिया में आतंकवाद के बढ़ते खतरे से निपटने और समुद्री सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को दोस्ताना रिश्ते जरूरी
-भारत में कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और कोयले की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में खासा मददगार साबित हो सकता है इंडोनेशिया
 
यह भी जानें
-हिंद और प्रशांत महासागर के बीच स्थित इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप देश है, 13 हजार से ज्यादा छोटे द्वीप हैं इस पर
-1950 में इंडोनेशिया के तत्कालीन राष्ट्रपति सुकर्णो भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें