भारत-कनाडा साल के अंत तक व्यापार वार्ता पूरी करेंगे
भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय सहयोग को मजबूत करने के लिए 2026 तक व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत पूरी करने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कनाडा के वित्त मंत्री ने टोरंटो में मिलकर अवसरों की पहचान की। यूपीआई का कनाडा में उपयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।

वाशिंगटन, एजेंसी। द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत और कनाडा ने कहा कि वे 2026 के अंत तक व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत पूरी करने और जल्द से जल्द द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर बातचीत शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कनाडा के वित्त तथा राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन ने गुरुवार को टोरंटो में अवसरों का पता लगाने के लिए सहमति व्यक्त की। एक संयुक्त बयान के अनुसार दोनों नेताओं ने भुगतान सेवा प्रदाताओं के साथ साझेदारी के माध्यम से कनाडा में यूपीआई के उपयोग को व्यापक बनाने का स्वागत किया।उन्होंने
माना कि ऐसे प्रयास तेज और लागत प्रभावी भुगतान में योगदान दे सकते हैं तथा दोनों देशों में द्विपक्षीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और छोटे तथा मध्यम उद्यमों की वृद्धि का समर्थन कर सकते हैं। यह संवाद द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय सहयोग को मजबूत करने के लिए मार्च 2026 में नई दिल्ली में अपनी बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी द्वारा की गई प्रतिबद्धता पर आधारित है।


