भारत ने सऊदी में अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी
भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को हवाई हमले की स्थिति में घरों के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। उमरा यात्रियों और अन्य लोगों को उड़ानों में व्यवधान के प्रति सतर्क रहने को कहा गया। रियाद हवाई अड्डे पर हमले में घायल भारतीयों में दो अब भी आईसीयू में हैं।

दुबई, एजेंसी। भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को शुक्रवार को हवाई हमले की स्थिति में घरों के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही उमरा पर जाने वाले लोगों समेत अन्य यात्रियों से अपनी यात्रा के दौरान उड़ानों को लेकर जारी व्यवधान का ध्यान रखने को भी कहा। यह नया परामर्श यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद खाड़ी देश में बढ़े तनाव के बीच जारी किया गया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने 10 अक्तूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल भारतीय नागरिकों की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि दो लोग अब भी आईसीयू में हैं, जबकि एक व्यक्ति को आईसीयू से स्थानांतरित कर दिया गया है।
दूतावास ने बताया कि तीन अन्य भारतीय नागरिक सामान्य वार्ड में उपचाराधीन हैं।

