भारतीय जेनेरिक दवा उद्योग पर टैरिफ का सीमित असर संभव
अमेरिका द्वारा जेनेरिक दवाओं पर प्रस्तावित ऊंचे शुल्क भारत के औषधि निर्यात को प्रभावित कर सकते हैं। जीटीआरआई की रिपोर्ट ने कहा कि भारतीय दवाएं ब्रांडेड दवाओं की तुलना में सस्ती हैं। हालांकि, तत्काल प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि कई कंपनियां अमेरिका में उत्पादन कर रही हैं। भारत को अन्य बाजारों में निर्यात बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। अमेरिका द्वारा जेनेरिक दवाओं पर प्रस्तावित ऊंचे शुल्क भारत के सबसे बड़े औषधि निर्यात बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, इसका असर सभी उत्पादों पर एक समान नहीं पड़ेगा। आर्थिक शोध संस्था जीटीआरआई ने बुधवार को यह आकलन पेश किया। संस्था रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय जेनेरिक दवाएं ब्रांडेड दवाओं की तुलना में सात से दस गुना सस्ती होती हैं। ऐसे में 100 प्रतिशत शुल्क लगने के बाद भी कई उत्पाद सस्ते बने रह सकते हैं। अतिरिक्त लागत का बोझ अमेरिकी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं, बीमा कंपनियों और मरीजों पर डाला जा सकता है। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि भारत को अमेरिका पर अपनी निर्भरता घटाकर यूरोप, लातिनी अमेरिका, अफ्रीका और एशिया में निर्यात बढ़ाना चाहिए。
तत्काल असर नहीं
इस बारे में सरकार के सूत्रों का कहना है कि अमेरिका के प्रस्तावित शुल्क का तत्काल असर भारतीय दवा निर्यात पर नहीं पड़ेगा। इसकी वजह यह है कि ज्यादातर बड़ी भारतीय दवा कंपनियां जैसे डा. रेड्डी लेबोरेट्रीज, सन फार्मा, जायडस, लुपिन, अरिवंदो फार्मा आदि पहले ही अपनी उत्पादन इकाइयां वहां लगा चुकी हैं।
दो साल की मोहलत
हालांकि, कई अन्य कंपनियां भी अमेरिका को दवाएं निर्यात करती हैं, जिनकी अमेरिका में कोई निर्माण इकाई नहीं। ऐसी कंपनियों के लिए दो साल का वक्त है, वह अमेरिका में उत्पादन शुरू कर सकती हैं, अन्यथा उन्हें भारी टैरिफ का सामना करना पड़ेगा। इसलिए कुछ हद तक निर्यात प्रभावित हो सकता है लेकिन अगले दो सालों के दौरान जब भी भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी तो इस मुद्दे को भी चर्चा के लिए रखा जाएगा। इसलिए तात्कालिक तौर पर उद्योग जगत के समक्ष कोई संकट नहीं है।
क्या चाहते हैं ट्रंप
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रस्तावित शुल्क की एक वजह ये भी है कि ट्रंप दवा क्षेत्र में विदेशों से आयात के खिलाफ हैं और चाहते हैं कि आयात करने वाली कंपनियां अमेरिकी में अपनी इकाइयां स्थापित करें। ये टैरिफ उनकी लंबी रणनीति का हिस्सा है। यह टैरिफ खास तौर पर भारत को लेकर नहीं है लेकिन इसका असर निश्चित तौर पर भारत पर दिख सकता है।
भारत के लिए बड़ा बाजार
भारत के लिए यह ऐलान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिकी बाजार में बिकने वाली 47-48 फीसदी जेनेरिक दवाएं भारतीय होती हैं। भारत ने पिछले साल अमेरिका को 9.7 अरब डॉलर की जेनेरिक दवाएं निर्यात की थीं। भारत 25-26 अरब डॉलर की दवाएं निर्यात करता है, जिसमें से करीब 37 फीसदी दवाएं अमेरिकी बाजार में जाती हैं।
क्या होती हैं जेनरिक दवाएं
ये ऐसी सस्ती दवाएं होती हैं, जिनमें ब्रांडेड दवाओं जैसा ही सक्रिय घटक, मात्रा और प्रभाव होता है लेकिन इन्हें पेटेंट समाप्त होने के बाद आमतौर पर कम कीमत पर बेचा जाता है। भारतीय जेनेरिक दवाएं ब्रांडेड दवाओं की तुलना में सात से दस गुना सस्ती होती हैं।
ये दवाएं जाती हैं अमेरिका
भारतीय जेनेरिक दवाएं अमेरिका में मुख्य रूप से हाइपर टेंशन, मधुमेह, कैंसर, संक्रामक बीमारियों और मानसिक रोगों के इलाज में इस्तेमाल होती हैं। भारतीय कंपनियां अमेरिका में वितरित जेनेरिक नुस्खों के करीब 47 प्रतिशत की आपूर्ति करती हैं, जबकि मूल्य के हिसाब से हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत है।


