ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशमैं कोई बुरा आदमी नहीं हूं, अपनी मौत से कुछ मिनट पहले पुलिस से गुहार लगा रहा था जॉर्ज फ्लॉयड

मैं कोई बुरा आदमी नहीं हूं, अपनी मौत से कुछ मिनट पहले पुलिस से गुहार लगा रहा था जॉर्ज फ्लॉयड

अफ्रीकी मूल के काले नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड को गिरफ्तार करने वाले मिनियापोलिस के दो पुलिस अधिकारियों के शरीर पर लगे कैमरे की बुधवार (15 जुलाई) को सार्वजनिक की गई फुटेज में फ्लॉयड को डरा-सहमा और...

मैं कोई बुरा आदमी नहीं हूं, अपनी मौत से कुछ मिनट पहले पुलिस से गुहार लगा रहा था जॉर्ज फ्लॉयड
एपी,मिनियापोलिस (अमेरिका)Thu, 16 Jul 2020 06:38 PM
ऐप पर पढ़ें

अफ्रीकी मूल के काले नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड को गिरफ्तार करने वाले मिनियापोलिस के दो पुलिस अधिकारियों के शरीर पर लगे कैमरे की बुधवार (15 जुलाई) को सार्वजनिक की गई फुटेज में फ्लॉयड को डरा-सहमा और अधिकारियों से गुहार लगाते देखा जा सकता है। इन फुटेज में फ्लॉयड अपनी मौत से कुछ मिनट पहले गुहार लगा रहा है, ''मैं कोई बुरा आदमी नहीं हूं।"

जब अधिकारी उसे बलपूर्वक कार में बैठाने की कोशिश कर रहे हैं तो उसे कहते सुना जा सकता है, ''मुझे हाल ही में कोविड-19 हुआ था और अब मैं दोबारा ऐसा नहीं चाहता।" पुलिस से छूटने की जद्दोजहद कर रहे फ्लॉयड से वहां खड़े एक राहगीर को कहते सुना जा सकता है, ''तुम जीत नहीं सकते।" फ्लॉयड कहता है, ''मैं जीतना नहीं चाहता।"

फ्लॉयड के परिवार ने मिनियापोलिस और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दायर किया

वीडियो में कुछ मिनट बाद फ्लॉयड का चेहरा सड़क की ओर झुका हुआ दिखता है और उसकी दबी हुई आवाज सुनाई दे रही है, ''मैं सांस नहीं ले पा रहा।" उन अधिकारियों पर फ्लॉयड की हत्या का आरोप लगा है। फ्लॉयड की 25 मई को मौत हो गई थी। इस फुटेज के संवाद पहले जारी कर दिए गए थे, लेकिन वीडियो पहली बार जारी हुआ है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि जब फ्लॉयड के शरीर में हरकत बंद हो जाती है तब भी अधिकारी उसके लिए तत्काल कोई मदद जुटाने की कोशिश नहीं करते दिखते। ये रिकॉर्डिंग फ्लॉयड की हत्या के आरोपों का सामना कर रहे चार अधिकारियों के खिलाफ बने आपराधिक मामले का हिस्सा हैं।

दूसरी ओर, अमेरिका में पुलिस हिरासत में मारे गए जॉर्ज फ्लॉयड के परिवार ने बुधवार को मिनियापोलिस शहर और उन चार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है जिन पर उसकी मौत के आरोप लगे हैं। परिवार का आरोप है कि अधिकारियों ने फ्लॉयड को काबू में करने के दौरान उसके अधिकारों का उल्लंघन किया और शहर ने अपने पुलिस बल में अधिकतम बलप्रयोग, नस्लवाद और सजा से बच जाने की संस्कृति को फलने-फूलने का मौका दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें