खेल : प्रणय क्वार्टर फाइनल में संस्कार से टकराएंगे
अनुभवी भारतीय शटलर एचएस प्रणय ने वियतनाम ओपन सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने चीनी ताइपे के वू झे यिंग को हराया। साथ ही, महिलाओं के मैच में तन्वी शर्मा और मालविका बंसोड़ आमने-सामने होंगी। अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपने मुकाबले जीते।

हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम), एजेंसी। अनुभवी भारतीय शटलर एचएस प्रणय ने गुरुवार को वियतनाम ओपन सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब उनका सामना हमवतन संस्कार सारस्वत से होगा। वहीं महिलाओं में तन्वी शर्मा और मालविका बंसोड़ आमने-सामने होंगी। तीसरी वरीयता प्राप्त प्रणय ने चीनी ताइपे के वू झे यिंग को 21-15, 13-21, 21-14 से और संस्कार ने छठी वरीयता प्राप्त हमवतन किरण जॉर्ज को 12-21, 21-1, 21-18 से मात दी। ताइपे ओपन का खिताब जीतने वाली शीर्ष वरीय तन्वी ने थाईलैंड की पासा ओर्न फन्नाचेट को 26-24, 21-12 से और मालविका ने तिदापोर्न क्लीब्येसुन को 21-19, 21-14 से हराया।तीसरी
वरीय ईशारानी बरुआ ने मलेशिया की गोह जिन वेई को 21-18, 21-16 से पराजित किया। उनका सामना चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पिंग से होगा। मानसी सिंह ने चीन की शू वेन जिंग को 23-21, 21-19 से और रक्षिता ने दक्षिण कोरिया की किम मिन सन को 21-13, 22-20 से हराया। मिश्रित युगल में विमलराज अन्नादुरई और श्रेया बालाजी ने हमवतन सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा को 21-15, 24-22 से मात दी।


