बिग-बैश लीग का आगाज भारत में होगा
ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (बीबीएल) का उद्घाटन भारत में होगा। दिसंबर में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच मैच होगा। यह विदेशी घरेलू क्रिकेट लीग का पहला आधिकारिक मैच होगा। भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मेलबर्न, एजेंसी। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित टी-20 क्रिकेट लीग बिग बैश (बीबीएल) का आगाज इस साल भारत में होगा। बीबीएल के आगामी सत्र का उद्घाटन मुकाबला दिसंबर में चेन्नई के एमए चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम में होगा। यह मुकाबला मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। यह पहला अवसर होगा जब किसी विदेशी घरेलू क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत की धरती पर आयोजित किया जाएगा। इसकी घोषणा शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप जारी करते हुए की। इस कार्यक्रम में विक्टोरिया प्रांत की प्रीमियर (प्रधानमंत्री) जैसिंटा एलन, वनडे विश्व कप विजेता पूर्व पुरुष कप्तान स्टीव वॉ और महिला कप्तान लिसा स्टालेकर भी उपस्थित थे。
भारत में आयोजित खेल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में आयोजित होने वाले किसी भी खेल आयोजन को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिलेगा। ऑस्ट्रेलियाई सरकार के अनुसार, यह मैच दिसंबर में पूरे भारत में आयोजित होने वाले ‘गुड डे नमस्ते’ सप्ताह का मुख्य आकर्षण होगा। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति, व्यापार और खेल से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बिग बैश लीग में आठ टीमें भाग लेती हैं। यह आईपीएल के बाद दुनिया की सबसे लोकप्रिय घरेलू टी-20 लीग में शुमार है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप
खेल प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण : दोनों देश कोचिंग, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग और खिलाड़ियों के विकास कार्यक्रम साझा करेंगे।
खेल विज्ञान और तकनीक : स्पोर्ट्स साइंस, डेटा एनालिटिक्स, प्रदर्शन विश्लेषण, चोट से उबरने (रिकवरी) और खेल चिकित्सा में सहयोग बढ़ेगा।
खेल उद्योग और निवेश : खेल इकोसिस्टम, खेल स्टार्टअप, इंफ्रास्ट्रक्चर और निजी निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।
युवा खेल महोत्सव : दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों के बीच नियमित प्रतियोगिताएं और आदान-प्रदान कार्यक्रम होंगे।
कोच और विशेषज्ञ : कोच, ट्रेनर, फिजियो और खेल वैज्ञानिक एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करेंगे।
बड़े आयोजनों की तैयारी : भारत के 2030 राष्ट्रमंडल खेल और ऑस्ट्रेलिया के 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए अनुभव और विशेषज्ञता साझा की जाएगी।
क्रिकेट से आगे : कबड्डी, ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल समेत अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा।
व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा : खेल आयोजनों के जरिए दोनों देशों के बीच पर्यटन, निवेश और सांस्कृतिक संबंध मजबूत किए जाएंगे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


