आरोप: कोरोना से मरे लोगों के दाह-संस्कार के लिए हिंदू पुजारी वसूल रहे अधिक फीस
दक्षिण अफ्रीका में कुछ हिंदू पुजारियों पर आरोप लगे हैं कि कोविड-19 के कारण मरने वालों की अंत्येष्टि के लिए उन्होंने कथित रूप से अधिक शुल्क वसूला। डरबन में क्लेयर एस्टेट क्रिमेटोरियम में प्रबंधक...

दक्षिण अफ्रीका में कुछ हिंदू पुजारियों पर आरोप लगे हैं कि कोविड-19 के कारण मरने वालों की अंत्येष्टि के लिए उन्होंने कथित रूप से अधिक शुल्क वसूला। डरबन में क्लेयर एस्टेट क्रिमेटोरियम में प्रबंधक प्रदीप रामलाल ने ऐसा करने वाले पुजारियों की निंदा की है। दक्षिण अफ्रीका में हिंदू धर्म एसोसिएशन के सदस्य रामलाल ने कहा कि उन्हें ऐसे अनेक परिवारों से अंत्येष्टि के लिए पुजारियों द्वारा अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायतें मिली हैं जिनके किसी परिजन का कोविड-19 के चलते निधन हो गया।
हाल के हफ्तों में, कोविड-19 के प्रकोप तथा वायरस के नए स्वरूप के कारण अंत्येष्टि स्थलों पर कर्मी दो पाली में काम कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल के लोगों की आबादी करीब 14 लाख है। रामलाल ने वीकली पेास्ट से कहा, ''पुजारी अंत्येष्टि के लिए अधिक शुल्क वसूल रहे हैं, यह सही नहीं है। हमारे धर्मग्रंथों के अनुसार यह समुदाय की सेवा है। अगर कोई परिवार पुजारी को दान देना चाहता है तो यह ठीक है लेकिन पुजारियों को इसके लिए शुल्क नहीं लेना चाहिए।" उन्होंने समुदाय से कहा कि वे आज की कठिन परिस्थितियों में इस तरह के शोषण से बचें और अंत्येष्टि स्वयं ही कर लें, इसके लिए वे पहले से रिकॉर्ड वीडियो की मदद ले सकते हैं।
बीते दो महीनों में दक्षिण अफ्रीका में कोविड-19 के मामले तथा संक्रमण के कारण मौत की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है। यहां अब तक संक्रमण के 13 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं तथा संक्रमण के कारण 39,501 लोगों की जान जा चुकी है। भारत अगले महीने तक यहां कोविड-19 टीके की 1.5 करोड़ से अधिक खुराकें भेजने वाला है।
विश्व में कोरोना संक्रमित 55 फीसदी से अधिक लोग स्वस्थ हुए
इस बीच, वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण से जहां दुनिया भर में अब तक 9.87 करोड़ लोग अधिक पीड़ित हुए हैं वहीं 55 फीसदी से अधिक यानी 5.44 करोड़ इस जानलेवा वायरस को मात दे चुके है और 21.20 लाख से अधिक काल के मुंह में समा गए है। इस बीच बहुत से देशों में कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू किया जा चुका है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक विश्व के 192 देशों में कोरोना वायरस से नौ करोड़ 87 लाख चार हजार 846 लोग संक्रमित हुए हैं और पांच करोड़ 44 लाख नौ हजार हजार से ज्यादा लोग ठीक हो गए है तथा 21 लाख 20 हजार से अधिक मरीजों की मौत हो चुकी है।


