हवाई यात्रा की वैश्विक मांग अगस्त में 0.8 प्रतिशत घटी
अगस्त में पश्चिम एशिया और उत्तरी अमेरिका में मांग कमजोर रहने के कारण वैश्विक हवाई यात्रा की मांग में 0.8 प्रतिशत की गिरावट आई। भारत में घरेलू मांग में 7.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया में 14.6 फीसदी की गिरावट देखी गई।

जिनेवा, एजेंसी। पश्चिम एशिया और उत्तरी अमेरिका में मांग कमजोर रहने से अगस्त में हवाई यात्रा की वैश्विक मांग में सालाना आधार पर 0.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, भारत में घरेलू मांग 7.5 प्रतिशत घट गई। अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया को छोड़ दिया जाए तो अगस्त में शेष दुनिया में हवाई यात्रा की मांग 0.6 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं, पश्चिम एशिया में 14.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। उत्तर अमेरिका में भी मांग 2.2 प्रतिशत घट गई।
मांग के आंकड़े
आयटा राजस्व यात्री-किलोमीटर के पैमाने पर मांग के आंकड़े जारी करता है। इसकी गणना राजस्व चुकाने वाले यात्रियों द्वारा संयुक्त रूप से तय की गई दूरी (किलोमीटर में) के आधार पर होती है। लातिन अमेरिका में हवाई यात्रा की मांग में 5.3 प्रतिशत, अफ्रीका में 4.4 प्रतिशत, एशिया-प्रशांत में 1.4 प्रतिशत और यूरोप में 0.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
घरेलू बाजार में गिरावट
घरेलू मांग के आंकड़ों में अगस्त में 0.5 फीसदी की गिरावट रही। शीर्ष छह देशों में भारत में मांग में 7.5 प्रतिशत की सबसे तेज गिरावट रही, और वैश्विक घरेलू विमानन बाजार में देश की हस्सिेदारी घटकर 1.7 प्रतिशत रह गई। अमेरिका के घरेलू विमानन बाजार में 2.9 फीसदी और जापान में दो फीसदी की गिरावट रही। दोनों देशों की वैश्विक हस्सिेदारी क्रमशः 13.6 फीसदी और एक फीसदी रही।


