जर्मनी : यात्रियों की सुरक्षा के लिए भेजे लड़ाकू विमान
जर्मनी में विमान अपहरण की आशंका के बाद न्यूरमबर्ग हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया और यात्री विमान की सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमान भेजे गए। कोरेंडन एयरलाइंस के अनुसार, कोर्फू से न्यूरमबर्ग जा रहे विमान में रेडियो संचार की अस्थायी खराबी से आपातकालीन संकेत गया था। विमान सुरक्षित उतरा और उसमें सवार 178 लोगों को कोई खतरा नहीं हुआ।

बर्लिन, एजेंसी। जर्मनी में आपातकालीन संकेत मिलने के बाद विमान अपहरण की आशंका के चलते अधिकारियों ने एक हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया। वहीं, यात्री विमान की सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमान भेजे। हालांकि, बाद में पता चला कि आपातकालीन संकेत रेडियो संचार में आई तकनीकी खराबी के कारण भेजा गया था।
आपातकालीन संकेत का कारण
विमानन कंपनी कोरेंडन एयरलाइंस ने बताया कि यूनान के कोर्फू से जर्मनी के न्यूरमबर्ग जा रहे बोइंग 737-800 विमान ने बुधवार सुबह क्रोएशिया के ऊपर उड़ान के दौरान रेडियो संचार प्रणाली में कुछ समय के लिए आई खराबी के कारण आपातकालीन संकेत भेजा था। इसने 'एसोसिएटेड प्रेस' को दिए गए बयान में कहा कि विमान में वास्तव में कोई आपातकालीन स्थिति नहीं थी। उसमें सवार 178 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को कभी कोई खतरा नहीं हुआ। विमान सुरक्षित उतर गया।
हवाई अड्डे पर सुरक्षा और उड़ानों पर असर
हवाई अड्डे की सुरक्षा बढ़ाई गई
जर्मन समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार, घटना के कारण का पता चलने से पहले एहतियात के तौर पर पुलिस ने न्यूरमबर्ग हवाई अड्डे की घेराबंदी कर दी थी। पुलिस प्रवक्ता माइकल पेट्जोल्ड ने बाद में बताया कि अधिकारियों को विमान के कॉकपिट से सीधे एक ऐसा संकेत मिला था, जिससे विमान अपहरण की आशंका पैदा हुई। इसके बाद एहतियात के तौर पर छह उड़ानों के संचालन में देरी हुई, जबकि वहां पहुंचने वाली दो उड़ानों का मार्ग बदलकर उन्हें दूसरे हवाई अड्डों पर भेजा गया।


