ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशगिरफ्तारी के 3 दिन बाद डोमिनिका को पता चली थी चोकसी की पहचान, 4 दिन बाद केस दर्ज पुलिस ने 30 हजार के कपड़े भी खरीद के दिए

गिरफ्तारी के 3 दिन बाद डोमिनिका को पता चली थी चोकसी की पहचान, 4 दिन बाद केस दर्ज पुलिस ने 30 हजार के कपड़े भी खरीद के दिए

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हजारों करोड़ के घोटाले का आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को लेकर डोमिनिका की पुलिस ने एक नया दावा किया है। ईस्टर्न कैरिबियन सुप्रीम कोर्ट में पुलिस ने बताया...

गिरफ्तारी के 3 दिन बाद डोमिनिका को पता चली थी चोकसी की पहचान, 4 दिन बाद केस दर्ज  पुलिस ने 30 हजार के कपड़े भी खरीद के दिए
नीरज चौहान हिन्दुस्तान टाइम्स,नई दिल्लीMon, 07 Jun 2021 07:36 AM
ऐप पर पढ़ें

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हजारों करोड़ के घोटाले का आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को लेकर डोमिनिका की पुलिस ने एक नया दावा किया है। ईस्टर्न कैरिबियन सुप्रीम कोर्ट में पुलिस ने बताया है कि भगोड़े चोकसी 24 मई रात साढ़े 11 बजे डोमिनिका में संदिग्ध हालत में पाया गया था। हालांकि, उसपर 'अवैध प्रवेश' का मामला 28 मई को रात 9 बजे दर्ज किया गया। खास बात यह है कि डोमिनिका के पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तारी के 3 बाद तक यह नहीं पता था कि उन्होंने भारत के भगोड़े मेहुल चोकसी को अरेस्ट किया है। 

डोमिनिका की पुलिस ने कोर्ट में जो हलफनामा दायर किया है उसकी एक एक्सक्लूसिव कॉप हमारे सहयोगी हिन्दुस्तान टाइम्स के पास भी है। इस हलफनामे में डोमिनिका की पुलिस ने कई और खुलासे किए हैं, जिससे इस केस को लेकर कई सवाल पैदा हो रहे हैं। उदाहरण के लिए डोमिनिका पुलिस सुप्रीनटेंडेंट की ओर से दायर इस हलफनामे में कहा गया है कि चोकसी को 24 मई को पुलिस स्टेशन लाया गया। यहां चोकसी ने पुलिसवालों से गद्दा और कपड़े मांगे, जो उसे दिए भी गए। लेकिन आमतौर पर डोमिनिका में किसी भी कैदी को इस तरह की सुविधाएं नहीं दी जाती हैं।

हालांकि, हलफनामे में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि चोकसी पर पुलिस की ओर से यह मेहरबानी क्यों की गई। 

डोमिनिका बॉर्डर कंट्रोल पुलिस के जिस सार्जेंट ने चोकसी को समुद्र किनारे से 24 मई रात साढ़े 11 बजे के आसपास पकड़ा, उसने हलफनामे में बताया है कि उसे चोकसी अकेला मिला और उसके हाथ में एक शॉपिंग बैग था। उसने यह भी बताया कि चोकसी को नाव से डोमिनिका लाया गया। 

चोकसी जब डोमिनिका की यात्रा को लेकर कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सार्जेंट ने अपने बयान में यह भी बताया है कि चोकसी को 25 मई को पुलिस स्टेशन लाया गया और वहां उसके 'अवैध प्रवेश' की शिकायत भी उसी दिन दर्ज की गई, लेकिन औपचारिक तौर पर उसपर 28 मई की रात 9 बजे केस दर्ज किया गया।

बीते हफ्ते कोर्ट में चोकसी के वकीलों में दावा किया था कि उनके मुवक्किल को करीब 96 घंटे तक अवैध हिरासत में रखा गया और उसे स्थानीय कानून के मुताबिक, 72 घंटे के अंदर कोर्ट में भी पेश नहीं किया गया। हालांकि, हलफनामे में पुलिस ने इन दावों को खारिज कर दिया है।

डोमिनिका के पुलिस अधिकारियों ने अपने बयानों में यह दावा किया है कि चोकसी लगातार यही कह रहा था कि उसे अगवा कर के डोमिनिका लाया गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि उसे अगवा किए जाने से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला और न तो उन्होंने कोई नाव ही देखी।

डोमिनिका की पुलिस ने यह भी दावा किया है कि 27 मई यानी गुरुवार को उनके डिपार्टमेंट को चोकसी के ड्राइवर का लाइसेंस मिला, जिससे यह साबित हुआ कि वह भारतीय है और उसका नाम मेहुल चोकसी है।

हालांकि, डोमिनिका के इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस ने अपने हलफनामे में दावा किया कि 28 मई तक चोकसी की पहचान चिंता का विषय थी क्योंकि उसके पास अपनी पहचान, उम्र, घर का पता या फिर जन्मस्थान साबित करने के लिए कोई दस्तावेज नहीं था। 

डोमिनिका की पुलिस ने अपने हलफनामे में यह भी कहा कि चोकसी के एक वकील ने 26 मई को अपने मुवक्किल से बात करने के लिए उनसे संपर्क किया था। हालांकि, चोकसी ने खुद ही वकील से मिलने से मना कर दिया और वह लगातार एंटीगुआ वापस जाने की जिद करता रहा। 

डोमिनिका की पुलिस ने यह भी कहा है कि उन्होंने चोकसी के लिए 26 मई को नए कपड़े खरीदने के लिए 400 डॉलर यानी करीब 29 हजार रुपये खर्च किए। इसके अलावा 27 मई को उसे 4 वकीलों से मिलने दिया गया।

हलफनामे में यह भी कहा गया है कि चोकसी के शरीर पर चोट के निशान होने के बावजूद उसने किसी भी तरह के इलाज से मना कर दिया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें