ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशये हैं यूक्रेन के वो पांच शहर जिन पर कब्जा करना चाहता है रूस, जानिए क्या है वजह?

ये हैं यूक्रेन के वो पांच शहर जिन पर कब्जा करना चाहता है रूस, जानिए क्या है वजह?

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में मंगलवार को रूसी हवाई हमले में एक आवासीय ब्लॉक में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। इससे पहले दिन में, खारकीव के केंद्र में रूसी सेना...

ये हैं यूक्रेन के वो पांच शहर जिन पर कब्जा करना चाहता है रूस, जानिए क्या है वजह?
लाइव हिन्दुस्तान,मास्कोTue, 01 Mar 2022 10:28 PM
ऐप पर पढ़ें

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में मंगलवार को रूसी हवाई हमले में एक आवासीय ब्लॉक में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

इससे पहले दिन में, खारकीव के केंद्र में रूसी सेना द्वारा किए गए रॉकेट हमलों में 35 लोगों की मौत और 35 लोगों के घायल होने की खबर आई थी। यूक्रेनी गृह मंत्रालय के सलाहकार एंटन हेराशचेंको ने कहा कि मलबे को साफ किए जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

रूस ने पिछले कई दिनों से यूक्रेन के कुछ प्रमुख शहरों पर हमले तेज कर दिए हैं। कौन से हैं वो पांच  शहर जिन पर कब्जा करना चाहता है रूस? 

कीव (Kyiv)

यूक्रेन की राजधानी कीव बेहद प्राचीन शहर है जिसमें आधुनिक रूस और यूक्रेन दोनों की झलक देखने को मिलती है। कीव अपने प्राचीन चर्चों और मठों के सुनहरे गुंबदों के लिए जाना जाता है। 1991 से स्वतंत्र यूक्रेन की राजधानी, 2.9 मिलियन लोगों का शहर है। 

इसने 2001 में अपनी 1,500वीं वर्षगांठ मनाई और इसकी 16वीं शताब्दी की कीव-पेचेर्स्क लावरा मोनेस्ट्री के साथ-साथ सेंट सोफिया के चर्च दोनों यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल हैं।

कीव का विशाल सेंट्रल इंडिपेंडेंस स्क्वायर, जिसे मैदान के नाम से जाना जाता है, "ऑरेंज रेवोल्यूशन" के साथ-साथ लंबे यूरोपीय समर्थक विद्रोह का केंद्र रहा है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रूस ने इस शहर को चारो ओर से घेर लिया है। क्योंकि ये शहर राजधानी है और देश की सरकार यहीं बैठती है इसलिए रूस इसे अपने कब्जे में लेकर देश की सरकार को गिराना चाहता है। पुतिन खुद इसको लेकर कई बार घोषणा कर चुके हैं। 

खारकीव (Kharkiv)

खारकीव यूक्रेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। 

यूक्रेन का ये शहर रूसी सीमा से केवल 40 किलोमीटर दूर है। 1.4 मिलियन निवासियों के शहर में मुख्य रूप से रूसी भाषा बोली जाती है। यहां हाल के दिनों में रूसी सेनाओं द्वारा भारी बमबारी की गई, द्वितीय विश्व युद्ध में भी इसे बुरी तरह से नुकसान हुआ था जब इसके चारों ओर दो प्रमुख टैंक युद्ध लड़े गए थे।

2014 के बाद से यह पास के पूर्वी डोनबास क्षेत्र में सरकारी बलों और रूसी समर्थित विद्रोहियों के बीच लड़ाई से भाग रहे सैकड़ों हजारों लोगों का घर बन गया है। चूंकि ये शहर डोनबास के करीब है इसलिए रूस इस पर कब्जा कर डोनबास को फायदा पहुंचाना चाहता है जिसे रूस ने हाल ही में मान्यता दी है।

मारियुपोल (Mariupol)

रूस के यूक्रेन पर आक्रमण शुरू करने के बाद से आजोव सागर पर स्थित प्रमुख बंदरगाह शहर मारियुपोल पर हमले हो रहे हैं।

2014 में कीव के खिलाफ विद्रोह की शुरुआत में डोनेट्स्क से रूसी समर्थित अलगाववादियों द्वारा मारियुपोल पर कब्जा कर लिया गया था, हालांकि बाद में यूक्रेनी बलों ने इसे वापस ले लिया था।

441,000 लोगों का दक्षिणपूर्वी शहर अलगाववादियों के कब्जे वाले क्षेत्र और क्रीमियन प्रायद्वीप के बीच स्थित है। क्रीमिया को 2014 में रूस ने अपने कब्जे में ले लिया था। रूसी सेना ने मंगलवार को अलगाववादियों से संबंध होने का दावा किया है। चूंकि ये शहर क्रीमिया के पास है इसलिए रूस के लिए इस पर कब्जा बेहद जरूरी है। क्रीमिया 2014 से ही रूस के कब्जे में है जिसे वह पश्चिमी देशों से मान्यता देने के लिए कई बार कह चुका है।

बर्डियांस्क (Berdyansk)

क्रीमिया से आगे बढ़ने के बाद रूसी सेना ने सोमवार को आजोव सागर पर बर्दियांस्क के बंदरगाह पर कब्जा करने का दावा किया। 115,000 निवासियों का रिसॉर्ट अपने बीचेस और मड बाथ यानी मिट्टी के स्नान के लिए फेमस है, जो सालाना आधा मिलियन से अधिक पर्यटकों का स्वागत करता है।

यह मारियुपोल से तट के साथ केवल 84 किलोमीटर दूर है।

खेरसॉन (Kherson)

कहा जा रहा है कि खेरसॉन को क्रीमिया से रूसी सेनाओं ने घेर लिया है। यह शहर नीपर नदी के पश्चिमी तट पर एक रणनीतिक बंदरगाह है जो क्रीमिया प्रायद्वीप के लिए बेहद रणनीतिक शहर है। 

पहले कभी ये शहर रूसी काला सागर बेड़े का बेस था। इस पर कब्जा करने के साथ ही रूस के लिए पश्चिम में ओडेसा का रास्ता खुल जाएगा, जिसमें बहुसंख्यक रूसी भाषी आबादी है, और नाटो-सदस्य रोमानिया और मोल्दोवा के साथ सीमाएं लगती हैं। इसकी आबादी 287,000 लोगों की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें