खेल : फिर चला एमबापे का जादू
फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से पराजित कर अंतिम-16 में प्रवेश किया। किलियन एमबापे ने 29 मिनट में दो गोल किए। अंतिम-16 में फ्रांस का मुकाबला पराग्वे से होगा। एमबापे ने इस मैच में अपनी शानदार फॉर्म दिखाई और विश्व कप के इतिहास में नॉकआउट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए।

शोल्डर : स्वीडन को एकतरफा मुकाबले में पराजित कर अंतिम-16 में पहुंचा फ्रांस, किलियन ने 29 मिनट में दागे दो शानदार गोल ईस्ट रदरफोर्ड, एजेंसी। फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर कलियन एमबापे का जादू सर चढ़कर बोल रहा है। उनके रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन से फ्रांस ने अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया है। एमबापे ने 45वें मिनट में क्रॉसओवर शॉट से फ्रांस का खाता खोलने के 28 मिनट बाद अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दागा। इससे फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से पराजित किया। एक गोल ब्रैडली बारकोला ने 53वें मिनट में किया。
अंतिम-16 में प्रवेश
लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाने की कवायद में जुटे फ्रांस का सामना अब चार जुलाई को फिलाडेल्फिया पराग्वे से होगा। खिली धूप, उमस और तापमान 90 डिग्री फारेनहाइट (32 डिग्री सेल्सियस) के बीच मैच शुरू हुआ। एमवापे ने 32वें मिनट में पोस्ट पर शॉट मारा और निराशा में दोनों हाथ ऊपर उठा लिए। इसके चार मिनट बाद ही फ्रांस पेनाल्टी एरिया के ठीक अंदर से ओलिस के शानदार बाइसाइकिल किक पर बढ़त बनाने के करीब पहुंचा। लेकिन उनका शॉट पोस्ट से टकराकर वापस आ गया। एमबापे हालांकि पहले हाफ में फ्रांस को बढ़त दिलाने में कामयाब रहे। ओलिस ने ओस्मान डेंबेले को पास दिया, जिन्होंने उसे एमबापे को थमाया। एमबापे ने विक्टर ग्योकेरेस को चकमा देने के लिए क्रॉसओवर स्टेप लिया और छह गज के बॉक्स के ठीक बाहर से एक तिरछा शॉट लगाया जो दूर वाले पोस्ट के अंदर चला गया।
जश्न का पल
गोल दाग कोच को गले लगाया : एमबापे ने अपने 61वें अंतरराष्ट्रीय गोल का जश्न मनाने के लिए मैदान के बीचोंबीच दौड़ लगाई। फिर वे बेंच की ओर दौड़कर डेसचैम्प्स को गले लगाने पहुंचे, जो अपनी मां के अंतिम संस्कार के लिए फ्रांस जाने के बाद इस मैच के लिए वापस लौटे थे।
गोल की नींव
एमबापे का बैकहील पास : फ्रांस के दूसरे गोल की शुरुआत गुस्ताफ लैगरबिएलके से गेंद छीनने से हुई। ऑरेलियन टचमेनी ने ओलिस को पास दिया, जिन्होंने लैगरबिएलके को चकमा दिया और बारकोला ने बीच में गेंद को हल्का सा स्पर्श करते हुए गोल में डाल दिया। फ्रांस के तीसरे गोल की नींव रखने वाले एमबापे ने बारकोला को बैकहील पास देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। बारकोला ने उसे ओलिस की तरफ बढ़ाया जिन्होंने उसे पेनाल्टी एरिया में एमबाप्पे तक पहुंचाया। उन्होंने गेंद पर नियंत्रण बनाकर दूर वाले गोलपोस्ट के अंदर गोल दाग दिया।
एमबापे का रिकॉर्ड
किलियन जैसा कोई नहीं
किलियन एमबापे विश्व कप के इतिहास में नॉकआउट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह नॉकआउट में कुल 10 गोल दाग चुके हैं। उन्होंने ब्राजील के दिग्गज लियोनिडास और रोनाल्डो (दोनों आठ-आठ गोल) को पीछे छोड़ा।
मेसी के साथ तुलना
यह पिछले चार मैच में तीसरा मौका है जबकि एमबापे ने मैच में दो गोल किए। मौजूदा टूर्नामेंट में छह गोल के साथ उन्होंने अर्जेंटीना के फॉरवर्ड लियोनेल मेसी की बराबरी कर ली है। वहीं विश्व कप में उनके 18 मैचों में कुल 18 गोल हो गए हैं जो मेसी (29 मैच, 19 गोल) के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है।
----------------------
::: कोटस :::
'मैंने पहले भी कहा था कि मैं इस विश्व कप का पूरा आनंद लेना चाहता हूं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि मैंने पिछले विश्व कप का आनंद नहीं लिया, लेकिन तब मैं युवा था। मेरा ध्यान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर था लेकिन अब मुझे विश्वास है कि मैं अच्छा प्रदर्शन करने के साथ खेल का आनंद भी ले सकता हूं।' - किलियन एमबापे
---------------------
रोचक तथ्य
-13 गोल फ्रांस ने अब तक टूर्नामेंट में किए हैं और सिर्फ दो गंवाए हैं। उसकी तरफ से माइकल ओलिस ने पांच गोल में मदद की है
-25 बार फ्रांस ने मैच में गोल करने के मौके बनाए जबकि स्वीडन सात बार भी ऐसा कर पाया। पहले हाफ में यह आंकड़ा 15-3 का था
-85वें मिनट में जब एमबापे सब्स्टीट्यूट किए जाने के बाद बेंच पर आए तो कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने झुककर उनका अभिवादन किया
-80,663 दर्शक स्टेडियम में मौजूद थे जिनमें अधिकतर फ्रांस के प्रशंसक थे। इससे टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 50 लाख से अधिक दर्शकों का आंकड़ा पार हो गया है
-फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक जीत हासिल करने वाले कोच बन गए हैं
--------------------------------
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


