मादुरो की पत्नी ने जेल से रिहाई का अनुरोध किया
वेनेजुएला की पूर्व प्रथम महिला सिलिया फ्लोरेस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोपों के कारण अपनी जेल से रिहाई और घर में नजरबंद रहने का अनुरोध किया है। उनके वकीलों का कहना है कि फ्लोरेस की स्वास्थ्य स्थिति जेल में बिगड़ गई है। सुनवाई अगले साल जून में होने की संभावना है।

न्यूयॉर्क, एजेंसी। अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोपों को लेकर अपने पति के साथ मुकदमे का सामना कर रहीं वेनेजुएला की पूर्व प्रथम महिला सिलिया फ्लोरेस ने उन्हें जेल से रिहा कर घर में नजरबंद रखने का अनुरोध किया है। वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पत्नी फ्लोरेस के वकीलों ने बुधवार को अदालत में दाखिल दस्तावेजों में कहा कि उनकी मुवक्किल हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रही हैं तथा जेल में रहने के दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई है। इसलिए मुकदमा शुरू होने तक उन्हें घर में नजरबंद रखने की अनुमति दी जानी चाहिए। वकीलों मार्क डोनेली और आंद्रेस सांचेज ने न्यायाधीश से अनुरोध किया कि फ्लोरेस को ब्रुकलिन की संघीय जेल से रिहा कर मैनहट्टन की संघीय अदालत के अधिकार क्षेत्र में स्थित किसी मकान में रहने की अनुमति दी जाए।
फ्लोरेस और मादुरो के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई संभवत: अगले साल जून में होगी। वकीलों ने कहा कि वहां फ्लोरेस चौबीसों घंटे सशस्त्र निगरानी में रहेंगी और केवल उन्हीं लोगों से मिल सकेंगी, जिन्हें अदालत और संघीय अभियोजकों की मंजूरी होगी। वीडियो के जरिये घर पर नजर रखी जाएगी और उनकी फोन कॉल रिकॉर्ड की जाएंगी।


