उड़ते विमान में भिड़े दो यात्री, जमकर चले लात-घूंसे
बांग्लादेश के सिलहट से लंदन की एक फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच बहस मारपीट में बदल गई। घटना 16 सितंबर को हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सहयात्रियों और केबिन क्रू ने किसी तरह दोनों को शांत कराया। एयरलाइन ने घटना की पुष्टि की, लेकिन झगड़े का कारण स्पष्ट नहीं है।

नई दिल्ली/ ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश के सिलहट से लंदन की एक फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच बहस कुछ ही पलों में मारपीट में बदल गई।
घटना का विवरण
दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर घूंसे बरसाए। यात्रियों और केबिन क्रू ने किसी तरह दोनों को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, घटना 16 सितंबर की है। इसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आता है कि विमान में आगे-पीछे सीटों पर बैठे दो यात्रियों के बीच किसी बात पर अचानक कहासुनी होने लगी। कुछ ही पल में दोनों एक-दूसरे पर मुक्के बरसाने लगे। मारपीट के दौरान एक यात्री की टी-शर्ट फट गई। यह देख विमान में सवार महिला यात्रियों और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
सुरक्षा उपाय और प्रतिक्रियाएं
सहयात्रियों और केबिन क्रू ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि घटना सिलहट से लंदन जा रहे बिमान बांग्लादेश एयरलाइन की उड़ान में हुई थी। एयरलाइन के महाप्रबंधक (पीआर) मोहिउद्दीन अहमद ने घटना की पुष्टि की। हालांकि, यह साफ नहीं हुआ कि झगड़ा किस वजह से हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा है कि सीट को लेकर दोनों यात्रियों में विवाद हुआ था। मामले में कोई कार्रवाई की गई या नहीं, इसकी भी जानकारी नहीं मिल सकी है।

