फुटबॉल की ‘पाठशाला’ बनेगा फाइनल

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

2026 फीफा विश्व कप का फाइनल स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होगा, जो फुटबॉल की दो भिन्न शैलियों का प्रदर्शन करेगा। जहां स्पेन की रणनीति सामूहिक और अनुशासन पर आधारित है, वहीं अर्जेंटीना की पहचान मेसी की रचनात्मकता और तेज काउंटर-हमलों से है। यह मैच मेसी के अंतिम विश्व कप मैच के रूप में भी महत्वपूर्ण है।

फुटबॉल की ‘पाठशाला’ बनेगा फाइनल

शोल्डर... दो अलग शैलियों वाली फुटबॉल के सभी दांवपेच दिखेंगे, स्पेन की रणनीति के सामने मेसी की रचनात्मकता होगी

नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। रिकॉर्ड 102 मैचों के बाद 2026 फीफा विश्व कप अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। भारतीय समयानुसार सोमवार आधी रात को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाला फाइनल सिर्फ विश्व चैंपियन तय नहीं करेगा, बल्कि आधुनिक फुटबॉल की एक 'पाठशाला' भी होगा। एक ओर सामूहिक खेल, अनुशासन और सटीक रणनीति से सजी स्पेन है, तो दूसरी ओर लियोनेल मेसी के नेतृत्व, रचनात्मकता और प्रेरणा से खेलने वाली अर्जेंटीना। दुनिया की नंबर एक और नंबर दो टीमों के बीच यह मुकाबला बताएगा कि खिताब तक पहुंचने का कौन-सी फुटबॉल शैली ज्यादा प्रभावी है।

टीमों का प्रदर्शन

दोनों ही टीमें सात-सात मैचों में अजेय रहकर यहां पहुंची हैं। इस कारण फाइनल बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। इस फाइनल का सबसे दिलचस्प पहलू दोनों टीमों का ताना-बाना है। मौजूदा यूरोपीय चैंपियन स्पेन की खूबी यह है कि उनका कोई एक खिलाड़ी बाकी टीम से बड़ा नहीं है। यह टीम धैर्यपूर्ण बॉल पजेशन, लगातार प्रेसिंग और अभेद्य डिफेंस (पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 1 गोल खाया) के दम पर एक मशीन की तरह खेलती है। उनाई सिमोन की गोलकीपिंग, रोड्री का मिडफील्ड पर नियंत्रण और मिकेल ओयारजाबाल के पांच गोल इसके गवाह हैं।

अर्जेंटीना की खासियत

दूसरी तरफ, गत चैंपियन अर्जेंटीना का ढांचा पूरी तरह अलग है। वहां दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ‘लियोनेल मेसी’ मौजूद है। इस टीम की असली खूबसूरती यह है कि मैदान पर मौजूद बाकी 10 खिलाड़ी मेसी के जीनियस के लिए दौड़ते हैं, उनके लिए बचाव करते हैं और उनके लिए शारीरिक श्रम का सारा बोझ उठाते हैं। यह त्याग मेसी को अपनी ऊर्जा बचाने और सही समय पर विरोधी को सबसे घातक चोट देने की आजादी देता है, जैसा उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में दो मिनट में दो असिस्ट करके दिखाया।

रणनीतिक विरोधाभास

फाइनल मुकाबले में मैदान पर क्या रणनीतिक दांव-पेच दिखेंगे, इसे इस तुलना से समझें:

रणनीतिक पहलू स्पेन अर्जेंटीना

खेलने की शैली गेंद पर शत-प्रतिशत नियंत्रण रखना और धैर्य से जगह बनाना कसकर बचाव करना और मौका मिलते ही बिजली की तेजी से काउंटर-अटैक

मिडफील्ड की भूमिका रोड्री खेल की गति तय करेंगे और अर्जेंटीना की ‘स्ट्रीट फाइट’ (उकसावे) के जाल से बचेंगे मेसी खाली जगहों में घूमकर मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन के बीच पुल बनाएंगे

इतिहास का दांव साल 2010 के बाद अपने दूसरे विश्व कप खिताब और नए वैश्विक दबदबे की तलाश अपने चौथे खिताब और 60 साल बाद लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाली टीम बनने का मौका

मेसी का आखिरी जलवा

आधुनिक फुटबॉल बनाम मेसी : आज का फुटबॉल दिन भर दौड़ने वाले रोबोटिक और ‘मशीनी’ खिलाड़ियों से भर गया है, जहां शुद्ध कौशल वाले खिलाड़ी कम हो रहे हैं। ऐसे दौर में 39 साल के मेसी खेल की समझ और ड्रिबलिंग से मैच का पासा पलट रहे हैं।

भावुक मुकाबला : यह लगभग तय है कि यह लियोनेल मेसी का आखिरी विश्व कप मैच होगा। पेले और माराडोना ने अपने करियर में सिर्फ दो-दो फाइनल खेले थे, जबकि मेसी अपना तीसरा फाइनल खेलने उतरेंगे।

भविष्यवाणी का पल : सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी 25 मिनटों में मेसी ने जो किया, उन्होंने साबित कर दिया कि दुनिया में उनके जैसा दूसरा कोई नहीं है। पूरी दुनिया सोमवार को आखिरी बार मेसी के इस जादू को विस्मय के साथ देखने के लिए उत्सुक है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

स्पेन की खेल शैली क्या है?
स्पेन की खेल शैली गेंद पर शत-प्रतिशत नियंत्रण रखना और धैर्य से जगह बनाना है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।