फाल्गुनी कुमार चौहान बनीं मिसेज यूएई इंटरनेशनल 2026
रालोद अध्यक्ष भूषण चौहान की बहू फाल्गुनी कुमार चौहान ने अबू धाबी में मिसेज यूएई इंटरनेशनल 2026 का खिताब जीता। उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें यह सफलता दिलाई। फाल्गुनी की जीत से परिवार और सहारनपुर में खुशी का माहौल है। उन्होंने महिलाओं को अपनी कहानी से प्रेरणा देने का प्रयास किया है।

रालोद महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान की बहू और वर्तमान में अबू धाबी (यूएई) में रह रही फाल्गुनी कुमार चौहान ने मिसेज यूएई इंटरनेशनल 2026 का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर भारत और सहारनपुर का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित जिले में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता में फाल्गुनी ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया। उन्हें यूएई फ्लैग ऑनर से सम्मानित किया गया, जबकि सोशल मीडिया पर प्रभावशाली उपस्थिति के लिए मिसेज सोशल मीडिया क्वीन का सब-टाइटल भी मिला। फाइनल राउंड में उन्हें विजेता घोषित किया गया। दो छोटी बेटियों की मां फाल्गुनी की सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
उन्होंने डांस, स्टेज प्रेजेंस, ग्रूमिंग, फिटनेस, व्यक्तित्व विकास और प्रश्नोत्तर जैसे सभी चरणों की गंभीरता से तैयारी की। पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने सपने को पूरा करना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ यह मुकाम हासिल किया। फाल्गुनी अपनी सफलता का श्रेय पति, माता-पिता, सास-ससुर और पूरे परिवार के सहयोग को देती हैं। उनका कहना है कि परिवार के विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें हर चुनौती से लड़ने की ताकत दी। उन्होंने महिलाओं को संदेश दिया कि सपनों को साकार करने के लिए कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। उनका मानना है कि कम्फर्ट नहीं, साहस को चुनने वाला हर कदम सफलता की नई राह खोलता है। उनकी उपलब्धि उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो परिवार के साथ अपने सपनों को भी साकार करना चाहती हैं।


