यूक्रेन में 'स्टारशील्ड' सेवा में रुकावट पर मस्क ने पल्ला झाड़ा
यूक्रेन में स्टारलिंक टर्मिनलों पर पाबंदियों के बाद एलन मस्क ने कहा कि स्टारशील्ड का मालिकाना हक और नियंत्रण अमेरिकी सरकार के पास है, जबकि स्टारलिंक स्पेसएक्स के नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि स्टारशील्ड के उपयोग और गति पर फैसले अमेरिकी सेना और राष्ट्रपति करते हैं। हालांकि, स्टारशील्ड के अलग-अलग संस्करण होने के कारण उनके बयान से कंपनी की भूमिका को लेकर सवाल और बढ़ गए हैं।

वाशिंगटन, एजेंसी। यूक्रेन में स्टारलिंक टर्मिनलों पर पाबंदियों के बाद स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने इस मामले में अपनी कंपनी की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश की। मस्क ने एक्स पर लिखा, स्टारशील्ड सिस्टम का मालिकाना हक और नियंत्रण अमेरिकी सरकार के पास है। इसकी स्पीड या इस्तेमाल पर कोई भी पाबंदी अमेरिकी सेना और अंततः अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा तय की जाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 'स्टारलिंक' का मालिकाना हक और नियंत्रण स्पेसएक्स के पास है। मस्क के इस बयान से जवाब मिलने के बजाय और अधिक सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि 'स्टारशील्ड' के कई अलग-अलग रूप मौजूद हैं।बता
दें, स्टारशील्ड, स्टारलिंक का ही एक सैन्य संस्करण है, जो रूस के खिलाफ यूक्रेन की जंग में एक अहम हिस्सा बन गया है। जहां एक ओर अमेरिकी सरकार के पास अपना खुद का स्टारशील्ड नेटवर्क है, जिसे वह खुद नियंत्रित और संचालित करती है। वहीं, दूसरी ओर स्पेसएक्स भी स्टारशील्ड को एक सैन्य-ग्रेड संचार सेवा के रूप में पेश करता है, जो कंपनी के अपने स्टारलिंक नेटवर्क पर ही आधारित है।

