ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशनीदरलैंड: ट्राम में गोलीबारी से 3 की मौत, कई घायल, आतंकी हमले का शक

नीदरलैंड: ट्राम में गोलीबारी से 3 की मौत, कई घायल, आतंकी हमले का शक

नीदरलैंड के उत्रेक्थ शहर में सोमवार को एक ट्राम में अंधाधुंध गोलीबारी किए जाने की घटना में 3 की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए। शहर के महापौर ने सोमवार को यह जानकारी दी। महापौर ने...

नीदरलैंड: ट्राम में गोलीबारी से 3 की मौत, कई घायल, आतंकी हमले का शक
एजेंसी,द हेगTue, 19 Mar 2019 06:16 AM
ऐप पर पढ़ें

नीदरलैंड के उत्रेक्थ शहर में सोमवार को एक ट्राम में अंधाधुंध गोलीबारी किए जाने की घटना में 3 की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए। शहर के महापौर ने सोमवार को यह जानकारी दी। महापौर ने बताया कि अधिकारी इस घटना को संभावित आतंकवादी हमले के तौर पर देख रहे हैं। उत्रेक्थ के महापौर जान वान जानेन ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश में कहा, ''इस वक्त हम लोग तीन लोगों के मारे जाने और नौ लोगों के घायल होने की पुष्टि कर सकते हैं। घायलों में से तीन की हालत नाजुक है।"

वहीं दूसरी ओर नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूटे ने कहा कि उत्रेक्थ गोलीबारी मामले की जांच संभावित आतंकवादी हमले के तौर पर की जायेगी। उन्होंने कहा कि नीदरलैंड ''असहिष्णुता" के सामने कभी घुटने नहीं टेकेगा। हेग में देश के न्यायमंत्री के साथ पत्रकारों वार्ता में रूटे ने बताया कि घटना में ''कई लोगों के हताहत" होने की आशंका है।

स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, मौके पर आतंकवाद निरोधी पुलिस दस्ते भी मौजूद थे। उत्रेक्थ पुलिस के ट्विटर अकाउंट में कहा गया है ''गोलीबारी की घटना उत्रेक्थ में 24 ओक्टोबरप्लीन में हुई... कई लोगों के घायल होने की खबर है। आसपास के इलाकों को घेर लिया गया है और हम मामले की जांच कर रहे हैं।"

इससे पहले डच समाचार एजेंसी एएनपी ने बताया कि नीदरलैंड के उत्रेक्थ शहर में एक ट्राम में हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। एएनपी ने अपने एक संवाददाता को यह कहते हुए उद्धृत किया था कि मृतक एक चादर से पूरी तरह ढका हुआ था और दो ट्रामों के बीच पटरियों पर पड़ा था।

इसमें आगे कहा गया है ''गोलीबारी की यह घटना एक ट्राम में हुई। मदद के लिए कई हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं।" स्थानीय मीडिया ने नकाबपोश, सशस्त्र पुलिस और ट्राम के आसपास आपातकालीन वाहनों की तस्वीरें दिखाईं जो सड़क पर बने एक पुल के किनारे रुक गए थे। समाचार एजेंसी एएनपी ने ट्राम का संचालन करने वाली क्यूबज का हवाला देते हुए कहा कि इलाके में ट्राम सेवा को रोक दिया गया है।

यह गोलीबारी ऐसे वक्त में हुई है, जबकि तीन दिन पहले ही 15 मार्च को न्यूजीलैंड के काइस्टचर्च की दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी में 50 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गये थे। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न  ने इस गोलीबारी को एक सुनियोजित आतंकवादी हमला बताया था। न्यूजीलैंड की एक अदालत ने हमलावार को पांच अप्रैल तक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने उत्रेक्थ गोलीबारी के संदिग्ध को गिरफ्तार किया
नीदरलैंड की पुलिस ने उत्रेक्थ शहर में एक ट्राम में की गई गोलीबारी के संदिग्ध को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रमुख ने यह जानकारी दी। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी। उत्रेक्थ पुलिस प्रमुख रोब वान ब्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''हमें अभी सूचित किया गया है कि संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है।" इससे पूर्व पुलिस ने कहा था कि वह तुर्की में जन्मे संदिग्ध गोकमेन टानिस (37) की तलाश कर रही है और उसकी एक तस्वीर जारी की गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें