काला सागर में दो पोतों पर हमला, एक डूबा
- दोनों पोतों पर हमले बुल्गारिया के तट से 32 और 34 किलोमीटर दूर

सोफिया, एजेंसी। काला सागर में मंगलवार तड़के बुल्गारिया के तट के पास दो पोतों पर ड्रोन से हमला किया गया, जिससे एक पोत डूब गया। बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने यह जानकारी दी।
हमले और बचाव अभियान
रादेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा कि एक पोत 'चेल्सी 3' के चालक दल के सभी 15 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। माल्टा के झंडे वाले इस पोत पर सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है। चालक दल में यूक्रेन के सात और अजरबैजान के आठ नागरिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पोत के डेक और बाहरी ढांचे को तीन ड्रोन से निशाना बनाया गया। रादेव ने बताया कि डूबे हुए पोत के चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया है। हालांकि, उन्होंने पोत पर सवार अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। दोनों पोतों पर हमले बुल्गारिया के तट से 32 और 34 किलोमीटर दूर हुए।
बुल्गारिया ने मांगी सहायता
सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक
बुल्गारिया की सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक में रादेव ने इन हमलों को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) तथा यूरोपीय संघ से सहायता मांगी। रादेव ने कहा कि हालांकि, अधिकारियों के पास इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं है, लेकिन तर्क यही संकेत देते हैं कि इन घटनाओं के पीछे रूस हो सकता है। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा ने एक्स पर इन हमलों के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, रूस ने घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
यूरोपीय आयोग ने की निंदा
उर्सुला वॉन ने घटना की निंदा की
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ड्रोन हमलों की घटनाओं की कड़ी निंदा की और कहा कि यूक्रेन में रूस के युद्ध के बीच काला सागर तनाव का एक और मोर्चा बन गया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह अस्वीकार्य है।

