दावा: पुरुषों की तुलना में महिलाओं में भूलने की बीमारी ज्यादा
- ऑस्ट्रेलिया के शोधकर्ताओं का अध्ययन - 18 देशों के 40,000 लोगों के आंकड़ों

- 2023 में डिमेंशिया के 1.14 करोड़ नए मामले सामने आए
- 2050 तक यह संख्या बढ़कर हर साल 2.47 करोड़ केस हो सकती है
सिडनी, एजेंसी। दुनियाभर में डिमेंशिया (याददाश्त कमजोर होने या भूलने की बीमारी) के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक नए अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के मुताबिक, पुरुषों की तुलना में महिलाओं को डिमेंशिया होने की दर अधिक है। आंकड़ों के अनुसार, हर 1,000 महिलाओं पर 10.6 नए मामले सामने आए, जबकि पुरुषों में यह दर 8.6 रही।
यह अध्ययन मेडिकल जर्नल ‘जामा न्यूरोलॉजी’ में प्रकाशित हुआ है। इसे ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स, सिडनी के सेंटर फॉर हेल्दी ब्रेन एजिंग के शोधकर्ताओं ने किया। इसमें छह महाद्वीपों के 18 देशों के 40,000 लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया।
दुनियाभर में डिमेंशिया के नए मामले
अध्ययन के मुताबिक, 2023 में दुनिया में करीब 1.14 करोड़ लोगों में डिमेंशिया के नए मामले सामने आए। अनुमान है कि 2050 तक यह संख्या बढ़कर हर साल 2.47 करोड़ हो सकती है। 65 साल की उम्र के बाद लगभग हर 9 में से 1 व्यक्ति को डिमेंशिया होता है, लेकिन 85 साल की उम्र के बाद यह संख्या लगभग हर 3 में से 1 हो सकती है।
महिलाओं में अधिक जोखिम के संभावित कारण
महिलाओं को ज्यादा खतरा होने के कारण
शोधकर्ताओं के मुताबिक, पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में डिमेशिया अधिक होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें स्वास्थ्य सुविधाओं तक कम पहुंच, सामाजिक परिस्थितियां, शिक्षा, आर्थिक स्थिति और पर्यावरण से जुड़े कारक शामिल हो सकते हैं।
कम और मध्यम आय वाले देशों में मामले
कम आय वाले देशों में ज्यादा मामले
कम और मध्यम आय वाले देशों में डिमेंशिया के नए मामले उच्च आय वाले देशों की तुलना में अधिक पाए गए। कम और मध्यम आय वाले देशों में हर 1,000 व्यक्ति पर नए मामलों की दर 13.6 रही, जबकि ज्यादा आय वाले देशों में यह 8.3 थी। शोधकर्ताओं का कहना है कि कम और मध्यम आय वाले कई देशों में आबादी तेजी से बूढ़ी हो रही है। वहां डिमेंशिया की समय पर पहचान, रोकथाम और इलाज के पर्याप्त साधन नहीं हैं।
भारत में डिमेंशिया से प्रभावित लोग
भारत में 88 लोग डिमेंशिया से प्रभावित
एक अध्ययन के अनुसार 2023 में भारत में 60 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 88 लाख लोग डिमेंशिया से प्रभावित हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि असल संख्या इससे 4-5 गुना ज्यादा हो सकती है क्योंकि कई मामले डॉक्टर के पास तक पहुंचते ही नहीं हैं। दुनियाभर में फिलहाल 5.7 करोड़ से ज्यादा लोग डिमेंशिया से प्रभावित हैं।
डिमेंशिया क्या होता है?
क्या होता है डिमेंशिया?
- इसमें व्यक्ति के दिमाग की काम करने की क्षमता धीरे-धीरे प्रभावित होने लगती है।
- चीजें याद रखने, लोगों को पहचानने, सही फैसले लेने, बात समझने और रोजमर्रा के काम करने में परेशानी हो सकती है।
- यह सिर्फ भूलने की बीमारी नहीं है, बल्कि दिमाग की कई क्षमताओं को प्रभावित कर सकती है।

