वैश्विक मंच पर मैथिल महिलाओं की कहानियों को मिल रही पहचान
अंतरराष्ट्रीय मैथिल डायस्पोरा की ‘दशशक्ति’ श्रृंखला दुनिया के विभिन्न देशों में रह रहीं मैथिल महिलाओं की प्रेरक यात्राओं, उपलब्धियों और सांस्कृतिक योगदान को सामने ला रही है। मधुबनी की यूके में रह रहीं माला झा ने लागोस की मधु मिश्रा से संवाद किया। जर्मनी में आयोजित कार्यक्रम में डा. श्वेतांबरा झा और डा. अजिता झा ने प्रवासी महिलाओं के अनुभव और सांस्कृतिक संबंध साझा किए।

मधुबनी, निज संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय मैथिल डायस्पोरा की ओर से आयोजित ‘दशशक्ति’ श्रृंखला के माध्यम से दुनिया के विभिन्न देशों में रह रहीं मैथिल महिलाओं की प्रेरक यात्राओं, उपलब्धियों और सांस्कृतिक योगदान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। इसी पहल के तहत मधुबनी की यूके में रह रही माला झा ने नाइजीरिया के लागोस में रह रहीं मधु मिश्रा से रविवार को संवाद किया। इस श्रृंखला का उद्देश्य मैथिल महिलाओं के संघर्ष, सफलता और अनुभवों को सामने लाकर दूसरी महिलाओं को प्रेरित करना है। ‘दशशक्ति’ का मूल संदेश है-दस दिन, दस मैथिल महिलाएं और दस प्रेरक यात्राएं। इसके माध्यम से संस्कृति, शिक्षा, पेशेवर जीवन, सामुदायिक भागीदारी और महिला नेतृत्व जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। ‘परंपरा महिलाओं को प्रेरित करती है और वे बदलाव का नेतृत्व करती हैं’ इस पहल की प्रमुख भावना है। इसका उद्देश्य विदेशों में रह रहे मैथिल समुदाय को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखना भी है।
जर्मनी में मैथिलानी कार्यक्रम
वहीं रविवार को ही रात में मैथिलानी इन जर्मनी कार्यक्रम में डा. श्वेतांबरा झा मॉडरेटर हैं। वह मिथिला के सीतामढ़ी की रहने वाली हैं और जर्मनी के आचेन में रह रही हैं। वहीं, डा. अजिता झा मैथिलानी के रूप में शामिल हैं। वह मधुबनी जिले के बरहरा की रहने वाली हैं और जर्मनी के एसेन में रहती हैं। यह कार्यक्रम भारत और जर्मनी के बीच सांस्कृतिक संबंधों को
मजबूत करने तथा प्रवासी मैथिल महिलाओं के अनुभवों को साझा करने का मंच है।
कार्यक्रम की परिकल्पना मैथिला की जीवंत नारी शक्ति का उत्सव मनाने और परंपरा के माध्यम से महिलाओं के नेतृत्व तथा सकारात्मक बदलाव को प्रोत्साहित करने की है। अंतरराष्ट्रीय मैथिल डायस्पोरा की इस श्रृंखला के तहत जर्मनी में रह रहीं मैथिल महिलाओं की कहानियां भी प्रस्तुत की जा रही हैं।

