तापमान वृद्धि पर लगाम से बचेंगे स्वस्थ जीवन के 189 करोड़ साल
- 'द लैंसेट कमीशन' की एक नई रिपोर्ट में किया गया दावा -

नई दिल्ली, एजेंसी। दुनिया में बढ़ते तापमान को 4.4 डिग्री के बजाय लगभग 1.8 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने से करीब 189 करोड़ स्वस्थ जीवन-वर्ष बचाए जा सकते हैं। यह नुकसान भीषण गर्मी और वायु प्रदूषण जैसी वजहों से हो सकता है। 'द लैंसेट आयोग' की एक नई रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
जलवायु परिवर्तन से स्वास्थ्य पर असर
रिपोर्ट के मुताबिक अगर ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में तेजी से कमी नहीं की गई तो लोगों की सेहत पर इसका बुरा असर लगातार बढ़ता रहेगा। यह समस्या वर्ष 2100 के बाद भी बनी रह सकती है। बर्लिन में आयोजित विश्व स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन 2026 में '21वीं सदी में स्वास्थ्य के लिए वैश्विक खतरे' शीर्षक वाली इस रिपोर्ट में सैकड़ों संभावित खतरों का अध्ययन किया गया। इसमें 2025 से 2100 के बीच मानव स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़े खतरे पैदा करने वाले 17 कारकों की पहचान की गई है। आयोग के अनुसार नीतिगत बदलावों, वित्तपोषण संबंधी फैसलों और नवाचार के जरिये इन खतरों को टाला जा सकता है।
अगली पीढ़ी के स्वास्थ्य पर खतरे
अगली पीढ़ी के स्वास्थ्य पर खतरा
शोधकर्ताओं ने कहा कि बीमारियों, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों, पर्यावरणीय बदलाव, प्रौद्योगिकी और संघर्ष से जुड़े ये 17 परस्पर संबंधित विनाशकारी खतरे अगली पीढ़ी के स्वास्थ्य को प्रभावित करेंगे। मौजूदा रुझान जारी रहने पर इनसे सामूहिक रूप से स्वस्थ जीवन के अरबों वर्षों का नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार हर देश इन खतरों का सामना कर रहा है। हालांकि अलग-अलग क्षेत्रों में इनका स्तर अलग है। प्रत्येक देश में सीमित संसाधनों वाले और हाशिये पर रहने वाले समुदायों को इसका सबसे अधिक बोझ उठाना पड़ता है। मौजूदा असमानताएं इस स्थिति को और गंभीर बनाती हैं।
परमाणु संघर्ष और एआई के जोखिम
परमाणु संघर्ष और एआई अहम खतरे
आयोग के मुताबिक परमाणु संघर्ष और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दुर्भावनापूर्ण इस्तेमाल को ऐसे दो खतरे बताया है, जिनसे मानव अस्तित्व तक समाप्त हो सकता है। हालांकि, इनके होने की आशंका कम आंकी गई है। परमाणु संघर्ष रोकने के लिए कदम उठाने से वर्ष 2100 तक अनुमानित 13.3 करोड़ मौतों और स्वस्थ जीवन के 9.35 अरब वर्षों के नुकसान को टाला जा सकता है। वहीं, एआई के दुर्भावनापूर्ण इस्तेमाल का जोखिम कम करने से स्वस्थ जीवन के 10.4 अरब वर्षों का नुकसान रोका जा सकता है।
स्वास्थ्य पर संभावित नुकसान
सेहत पर गंभीर असर
आयोग के सह निदेशक क्रिस्टोफर जेएल मरे ने कहा कि ये अनुमान बताते हैं कि प्रत्येक क्षेत्र में स्वास्थ्य को होने वाले कितने नुकसान को रोका जा सकता है। इनमें से कुछ खतरे पहले से ही स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहे हैं, जबकि कुछ अन्य के सामने आने पर बड़े नुकसान का वास्तविक जोखिम है। महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी 17 खतरे एक-दूसरे से जुड़े हैं। इसलिए इनसे अलग-अलग नहीं, बल्कि एक साथ निपटने की जरूरत है।
रिपोर्ट में बताए गए अन्य स्वास्थ्य खतरे
रिपोर्ट में बताए गए अन्य खतरे
रिपोर्ट में बताए गए अन्य खतरों में वायु प्रदूषण, रोगाणुरोधी दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता (एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस), बच्चों में कुपोषण, पारंपरिक युद्ध और संघर्ष, स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए विकास सहायता में कमी, अत्यधिक शराब का सेवन, उच्च रक्तचाप, आय असमानता, शिक्षा का निम्न स्तर, प्राकृतिक रूप से फैलने वाली महामारियां, मोटापा, खराब मानसिक स्वास्थ्य, धूम्रपान और अस्वस्थ तरीके से बढ़ती उम्र शामिल हैं।


