ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशचीन ने 2 साल बाद शुरू कीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, भारत के लिए हवाई सेवा अब भी अधर में

चीन ने 2 साल बाद शुरू कीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, भारत के लिए हवाई सेवा अब भी अधर में

चीन ने दूसरे देशों से आने वाले लोगों के लिए निर्धारित होटलों में पृथकवास की अवधि को घटाकर सात दिन कर दिया है। साथ ही वह इस प्रक्रिया को और सुसंगत करने का प्रयास कर रहा है।

चीन ने 2 साल बाद शुरू कीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, भारत के लिए हवाई सेवा अब भी अधर में
Amit Kumarपीटीआई,बीजिंगTue, 05 Jul 2022 09:03 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

कोरोना महामारी के चलते बैन के बाद चीन ने फिर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अनुमति दे दी है। पिछले दो साल से चीन ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया हुआ था। हालांकि, चीन ने पिछले महीने भारतीय पेशेवरों और उनके परिवारों के लिए वीजा प्रतिबंध हटा लिया है, लेकिन उसने भारत के लिए हवाई सेवाओं को फिर से शुरू करने का कोई संकेत नहीं दिया है।

सरकारी मीडिया की खबरों में कहा गया है कि चीन ने दूसरे देशों से आने वाले लोगों के लिए निर्धारित होटलों में पृथकवास की अवधि को घटाकर सात दिन कर दिया है। साथ ही वह इस प्रक्रिया को और सुसंगत करने का प्रयास कर रहा है। चीन के सरकारी अखबार 'ग्लोबल टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले से चीन को जोड़ने वाली उड़ानों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। विशेषरूप से अमेरिका को जोड़ने वाली उड़ानों की संख्या काफी बढ़ गई है। इसके अलावा चीन से दूसरे देश जाने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है। 

रिपोर्ट के मुताबिक, इस सप्ताह की शुरुआत में 2,025 यात्री उड़ानें फिर से शुरू होने वाली हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि नवंबर, 2020 से चीन और भारत के बीच कोई नियमित उड़ान नहीं है और दोनों देशों के बीच अभी तक कोई उड़ान अधिसूचित नहीं हुई है। चीन ने पिछले महीने विभिन्न चीनी शहरों में काम करने वाले ऐसे भारतीयों जो दो साल से भारत में ही फंसे हुए हैं, के लिए दो साल के वीजा प्रतिबंध को हटा दिया है। लेकिन इन पेशेवरों के लिए चीन जाना काफी मुश्किल है, क्योंकि अभी दोनों देशों के बीच किसी उड़ान का परिचालन नहीं हो रहा है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें