चाइना सदर्न ग्वांगझू-नई दिल्ली फिर शुरू करेगी उड़ान
चाइना सदर्न एयरलाइंस 21 सितंबर से ग्वांगझू-नई दिल्ली मार्ग पर छह साल के अंतराल के बाद नियमित उड़ानें फिर शुरू करेगी। इस सेवा की बहाली के साथ एयरलाइन दक्षिण एशिया में हर सप्ताह सौ से अधिक उड़ानों का संचालन करेगी। यह घोषणा चीन के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के समय हुई है।

बीजिंग, एजेंसी। चाइना सदर्न एयरलाइंस छह साल के अंतराल के बाद 21 सितंबर से ग्वांगझू-नई दिल्ली मार्ग पर नियमित यात्री उड़ान फिर शुरू करेगी। एयरलाइन कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी।कंपनी ने कहा कि इस सेवा की बहाली के साथ वह दक्षिण एशिया में आठ मार्गों पर हर सप्ताह सौ से अधिक उड़ानों का संचालन करेगी। चाइना सदर्न एयरलाइंस चीन की प्रमुख एयरलाइन कंपनियों में से एक है। इसका मुख्यालय चीन के दक्षिणी ग्वांगडोंग राज्य की राजधानी ग्वांगझू में है। एयरलाइन ने यह घोषणा ऐसे समय की है, जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग शनिवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने के मुद्दे पर बातचीत करने के लिए भारत में हैं।
भारत और चीन के बीच उड़ान सेवाएं 2020 में कोविड-19 महामारी के बाद निलंबित कर दी गई थीं। इसके बाद पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के बीच चार साल से अधिक समय तक चले सैन्य गतिरोध के बीच भी इन सेवाओं को बहाल नहीं किया गया। यह गतिरोध पिछले साल अक्टूबर में समाप्त हुआ था। उड़ान सेवाओं की बहाली भारत-चीन संबंधों में धीरे-धीरे सामान्य हो रिश्तों का हिस्सा है। संबंधों में सुधार के बीच प्रधानमंत्री मोदी और शी के बीच 2024 और 2025 में दो बैठकें हुई थीं।


