विदेश : चीन में स्कूल संचालिका को उम्रकैद
चीन के गांसु प्रांत की अदालत ने बच्चों और कर्मचारियों के भोजन में सीसा युक्त हानिकारक पदार्थ मिलाने के मामले में स्कूल संचालिका ली हुइफांग को उम्रकैद और प्राचार्य झू जिंगलिन को 15 साल की जेल सुनाई। रसोई के चार कर्मचारियों को 6 से 8 साल की सजा मिली। जुलाई 2025 में 200 से अधिक छात्रों और 20 से ज्यादा कर्मचारियों के रक्त में सीसे का स्तर बहुत अधिक पाया गया था।

बीजिंग, एजेंसी। चीन की एक अदालत ने शुक्रवार को स्कूल संचालिका, प्राचार्य और उसके कर्मचारियों को बच्चों के खाने में हानिकारक पदार्थ मिलाने पर जेल की सजा सुनाई। केस गांसु प्रांत के तियांशुई शहर की एक अदालत में चल रहा था।मामले में स्कूल संचालिका ली हुइफांग को उम्रकैद के साथ उसकी 70 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त करने, प्राचार्य झू जिंगलिन को 15 साल की जेल और करीब 42 लाख की संपत्ति जब्त करने की सजा सुनाई। रसोई में काम करने वाले चार अन्य कर्मियों को 6 से 8 साल तक की सजा सुनाई गई। अदालत ने पाया कि ली और झू ने रसोई के चार कर्मियों को निर्देश दिया था कि वे बच्चों और स्टाफ के खाने में जहरीले और हानिकारक पदार्थ मिलाएं।
मामला जुलाई 2025 में दो सौ से अधिक छात्रों और 20 से अधिक स्टाफ सदस्यों के खून में लेड की मात्रा बहुत अधिक मिलने से जुड़ा है। स्कूल प्रशासन ने खाने को आकर्षक दिखाने के लिए उसमें लेड (सीसा) युक्त ऐसे पदार्थ मिलाए थे, जो खाने योग्य नहीं थे।

