चांद के अंधेरे हिस्से की पड़ताल करेगा चीन का रिले उपग्रह
चांद के रहस्यमयी अंधेरे हिस्से के बारे में जानकारी जुटाने के लिए चीन ने सोमवार को एक रिले उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया। इसका काम धरती और प्रस्तावित उपग्रह चंद्रयान के बीच संपर्क स्थापित करना होगा।...
चांद के रहस्यमयी अंधेरे हिस्से के बारे में जानकारी जुटाने के लिए चीन ने सोमवार को एक रिले उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया। इसका काम धरती और प्रस्तावित उपग्रह चंद्रयान के बीच संपर्क स्थापित करना होगा। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चाइना नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन के हवाले से यह जानकारी दी।
नेमड क्यूकीओ (मैपगी ब्रिज) नाम के इस उपग्रह का वजन 400 किलोग्राम है। यह तीन साल तक काम करेगा। सीएनएसए ने बताया कि चीन के दक्षिण पश्चिम स्थित जिचांग उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से आज सुबह स्थानीय समयानुसार 5.28 मिनट पर लॉन्ग मार्च 4 सी रॉकेट से इसे प्रक्षेपित किया गया।
रिले उपग्रह परियोजना के प्रबंधक झांग लिहुआ ने कहा कि इस कदम के साथ ही चीन चांद के अंधेरे सिरे पर नरम सतह की जांच शुरू करने वाला पहला देश बना गया है। उड़ान भरने के करीब 25 मिनट बाद उपग्रह रॉकेट से अलग हो गया और पृथ्वी-चंद्रमा स्थानांतरण कक्षा में दाखिल हो गया। इसके बाद उपग्रह के सौर पैनल और कम्यूनिकेशन एंटेना भी खुल गए।
चीन का प्रस्तावित चंद्रयान चंद्रमा की अंधेरे वाली सतह का बड़े पैमाने पर अध्ययन करेगा। चीन का लक्ष्य 2030 तक अंतरिक्ष के क्षेत्र में रूस और अमेरिका की तरह एक प्रमुख शक्ति बनने का है। गौरतलब है कि चीन की योजना अगले वर्ष खुद के मानव अंतरिक्ष स्टेशन का निमार्ण कार्य शुरू करना है।