ईयू से आने वाले रसायन पर चीन की डंपिंग जांच
- व्यापारिक तनाव के बीच उठाया कदम - कीमतों में करीब 60 फीसदी

बीजिंग, एजेंसी। चीन ने यूरोपीय संघ (ईयू) से आयात होने वाले रासायनिक पदार्थ पी-नाइट्रोटोल्यून के खिलाफ डंपिंग की जांच शुरू कर दी है। इस रसायन का इस्तेमाल रंग और दवाइयां बनाने में किया जाता है।
व्यापारिक तनाव का संदर्भ
चीन और यूरोपीय संघ के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच शनिवार को यह कदम उठाया गया। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि घरेलू उद्योग की शिकायत के बाद यह जांच शुरू की गई है। मंत्रालय के अनुसार शुरुआती साक्ष्यों से पता चला है कि 2022 से 2025 के बीच यूरोपीय संघ से आयात होने वाले पी-नाइट्रोटोल्यून की कीमतों में कुल मिलाकर करीब 60 फीसदी की गिरावट आई है। हाल के महीनों में चीन और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे के आयात पर प्रतिबंध लगाने या पाबंदियों पर विचार कर रहे हैं। यूरोपीय संघ ने चीन से इलेक्ट्रिक वाहनों और फास्ट फैशन सहित विभिन्न उत्पादों के आयात को सीमित करने के लिए कदम उठाए हैं। इस बीच, व्यापारिक तनाव कम करने के उद्देश्य से यूरोपीय संघ के व्यापार अधिकारी आठ और नौ अक्तूबर को बीजिंग का दौरा करेंगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच उच्चस्तरीय व्यापार वार्ता होने की उम्मीद है।
डंपिंग जांच क्या है?
जब कोई देश दूसरे देश में अपना सामान वहां की सामान्य कीमत या उत्पादन लागत से कम कीमत पर बेचता है और इससे आयात करने वाले देश के घरेलू उद्योग को नुकसान पहुंचने की आशंका होती है, तो इसे डंपिंग कहा जाता है।

