पाकिस्तान के बंद एयरस्पेस का जवाब चीन के रास्ते से देगा भारत
भारत पाकिस्तान के एयरस्पेस के लगातार बंद रहने के कारण चीन शिनजियांग क्षेत्र के ऊपर एक वैकल्पिक हवाई रास्ता शुरू करने पर विचार कर रहा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि यह नया रास्ता मौजूदा की तुलना में छोटा होगा। एयर इंडिया को इस एयरस्पेस बंदी से करीब 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

भारत पाकिस्तान के लगातार बंद एयरस्पेस के असर को कम करने के लिए चीन के शिनजियांग क्षेत्र के ऊपर से एक वैकल्पिक हवाई रास्ता शुरू करने की संभावना तलाश रहा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राम मोहन नायडू ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि दक्षिण-पश्चिमी शिनजियांग के हॉटन के ऊपर से प्रस्तावित यह हवाई गलियारा मौजूदा रास्ते की तुलना में काफी छोटा हो सकता है।
पाकिस्तान एयरस्पेस बंद होने का प्रभाव
अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। इसके बाद उत्तर और पश्चिम भारत से यूरोप और उत्तरी अमेरिका जाने वाली भारतीय एयरलाइनों की उड़ानों को पाकिस्तान के एयरस्पेस से बचते हुए अरब सागर के ऊपर से होते हुए मस्कट की ओर लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इस अतिरिक्त रास्ते की वजह से अलग-अलग उड़ानों में 45 मिनट से लेकर दो घंटे तक का अतिरिक्त समय लग रहा है। इससे एयरलाइनों का संचालन खर्च और ईंधन की खपत दोनों बढ़ गए हैं।
चीन के साथ बातचीत
नायडू ने कहा कि हॉटन वाले हवाई रास्ते को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है। हमारा चीन के साथ बातचीत कर रहे हैं। देखते हैं बातचीत कैसे आगे बढ़ती है, लेकिन हम दूसरे विकल्प तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि चीन के रास्ते वाला नया हवाई गलियारा कब तक शुरू हो सकता है।
यूरोप जाने के लिए इस तरह बनेगा नया रूट
अगर दोनों देशों के बीच इस रास्ते को लेकर सहमति बन जाती है, तो दिल्ली और मुंबई से उड़ान भरने वाली भारतीय एयरलाइंस पहले लेह की ओर जाएंगी। इसके बाद हॉटन के पास से चीनी एयरस्पेस में प्रवेश करेंगी और फिर किर्गिस्तान की ओर मुड़ेंगी। वहां से वे यूरोप, ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिका जाने वाले मौजूदा हवाई रास्तों से जुड़ सकेंगी। मामले की जानकरी रखने वाले एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि प्रस्तावित नया रास्ता जॉर्जिया, बाकू, मध्य एशिया और उत्तरी यूरोप जैसे गंतव्यों के लिए काफी समय और खर्च बचा सकता है।
एयर इंडिया को नुकसान
पाकिस्तान के एयरस्पेस से बचने के लिए अपनाया जा रहा लंबा रास्ता खास तौर पर एयर इंडिया के लिए महंगा साबित हुआ। एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से पश्चिम की ओर जाने वाली लंबी दूरी की उड़ानों पर काफी निर्भर है। एयर इंडिया के पूर्व सीईओ कैंपबेल विल्सन ने 2025 में अनुमान लगाया था कि पाकिस्तान के एयरस्पेस बंद होने की वजह से एयरलाइन को करीब 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
------------------
बॉक्स
रूट्स एशिया सम्मेलन
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मार्च में होने वाले रूट्स एशिया 2027 में 115 से अधिक प्रमुख एयरलाइन कंपनियों और 55 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। यहां 16 से 18 मार्च तक होने वाले रूट्स एशिया 2027 में एयरलाइन कंपनियों, हवाई अड्डों, गंतव्यों और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में हवाई संपर्क के भविष्य से जुड़े विमानन क्षेत्र के निर्णय लेने वाले प्रमुख अधिकारी शामिल होंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन गया है। हमारा लक्ष्य वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा विमानन बाजार बनना है। रूट्स एशिया 2027 में 2,500 से अधिक बैठकों के होने की उम्मीद है।


