कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद की भारत यात्रा जल्द
कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद 12 से 15 अक्तूबर के बीच भारत यात्रा की संभावना है। यह दौरा तब होगा जब भारत और कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत को अंतिम रूप देने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद पीएम मोदी की प्रस्तावित कनाडा यात्रा दिसंबर में हो सकती है।

नई दिल्ली, एजेंसी। कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद अक्तूबर के मध्य में भारत की यात्रा कर सकती हैं। यह दौरा ऐसे समय में होने की संभावना है, जब भारत और कनाडा साल के अंत तक व्यापार समझौते पर वार्ता पूरी करने के प्रयास कर रहे हैं। मामले से परिचित लोगों के अनुसार नई दिल्ली और ओटावा दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित कनाडा यात्रा से पहले व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत को अंतिम रूप देना चाहते हैं। आनंद के 12 से 15 अक्तूबर के बीच भारत आने की संभावना है। हालांकि दोनों देशों की ओर से अभी इस यात्रा की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
मई, 2025 में विदेश मंत्री बनने के बाद यह आनंद की भारत की तीसरी यात्रा होगी। वह अक्तूबर, 2025 में भारत आई थीं। इसके बाद इस साल मार्च में उन्होंने प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ भारत की यात्रा की थी।

