ब्रिटेन में कोरोना टीके की दो खुराक के बीच 12 हफ्ते का अंतर रखने पर बहस

एजेंसी, लंदन
Follow us on Google News
share

कोविड-19 के टीके की दो खुराक के बीच 12 हफ्ते का अंतर रखने को लेकर यहां बहस छिड़ गई है। ब्रिटेन की सरकार के इस कदम का उद्देश्य अधिक से अधिक संख्या में लोगों को टीके की कम से कम पहली खुराक देना है।...

coronavirus vaccine

कोविड-19 के टीके की दो खुराक के बीच 12 हफ्ते का अंतर रखने को लेकर यहां बहस छिड़ गई है। ब्रिटेन की सरकार के इस कदम का उद्देश्य अधिक से अधिक संख्या में लोगों को टीके की कम से कम पहली खुराक देना है। ब्रिटेन में प्राथमिकता वाले समूहों के लोगों को कोविड-19 के दो तरह के टीके लगाए जा रहे हैं, जिनमें एक टीका फाइजर/बायोएनटेक का है। दूसरा टीका ऑक्सफोर्ड/एस्ट्राजेनेका का है।

दोनों ही टीकों की दूसरी खुराक कुछ हफ्ते के अंतर के बाद दिए जाने की जरूरत बताई गई है। टीके की दूसरी खुराक 21 दिनों के अंदर दिए जाने की शुरुआती सलाह को ब्रिटिश सरकार के वैज्ञानिकों ने संशोधित कर दिया और दो खुराक के बीच 12 हफ्ते का अंतर रखने का सुझाव दिया है। इसका उद्देश्य अधिक संख्या में लोगों को टीके की कम से कम एक खुराक देना है, ताकि उन्हें कोविड-19 के खिलाफ कुछ हद तक तत्काल सुरक्षा कवच मिल सके।

टीकाकरण एवं प्रतिरक्षण पर सरकार की संयुक्त समिति ने दावा किया है कि अप्रकाशित आंकड़ों से यह पता चलता है कि ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका टीका दो खुराक के बीच 12 हफ्ते का अंतर रखे जाने पर भी वह प्रभाव क्षमता रखती है। हालांकि, अमेरिकी औषधि कंपनी फाइजर ने कहा है कि उसने अपने टीके की प्रभाव क्षमता की जांच दो खुराक के बीच 21 दिनों का अंतर रख कर की थी, जबकि इस अवधि को बढ़ाए जाने से इसकी प्रभाव क्षमता को लेकर कुछ संदेह पैदा होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दो खुराक के बीच चार हफ्ते का अंतर रखने का सुझाव दिया है, और इसे केवल अपवाद वाली परिस्थितियों में ही बढ़ा कर छह हफ्ते तक किया जाए।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, "इंग्लैंड में प्रत्येक 10 वयस्क व्यक्ति में एक को टीके की पहली खुराक मिल चुकी है। इनमें 80 साल से अधिक उप्र के लोगों का 71 प्रतिशत और बुजुर्ग देखभाल केंद्र में रहने वाले लोगों का दो तिहाई हिस्सा भी शामिल है, लेकिन शीर्ष चार प्राथमिकता समूहों में फरवरी के मध्य तक हर किसी को पहली खुराक देकर हम अपने लक्ष्य तक पहुंचने के पथ पर बढ़ते रहेंगे।" 

Rakesh Kumar

लेखक के बारे में

Rakesh Kumar

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़कोरोना टीके की दो खुराक के बीच 12 हफ्ते का अंतर रखने पर बहस