खेल : कुन्हा के कमाल ने ब्राजील की दिलाई पहली जीत
ब्राजील ने हैती को 3-0 से हराकर मौजूदा विश्व कप में अपनी पहली जीत हासिल की। मैथियस कुन्हा ने दो गोल और विनीसियस जूनियर ने एक गोल किया। हैती इस टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। ब्राजील का अगला मैच मोरक्को के खिलाफ है।

पांच बार की चैंपियन टीम की 3-0 से जोरदार जीत, हैती विश्व कप से बाहर होने वाली पहली टीम बनी कुन्हा के कमाल ने ब्राजील की दिलाई पहली जीत
फिलाडेल्फिया, एजेंसी। आक्रामक फॉरवर्ड मैथियस कुन्हा ने बेहतरीन ड्रिबलिंग का नमूना पेश करके हुए दो गोल किए जबकि विनीसियस जूनियर के एक गोल जमाया। इनकी मदद से पांच बार के चैंपियन ब्राजील ने मौजूदा विश्व कप फुटबॉल में पहली जीत दर्ज की। पीले रंग की जर्सी पहने हजारों समर्थकों की मौजूदगी में उसने शनिवार को हैती को 3-0 से पराजित करके उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
हैती की स्थिति
हैती 1974 के बाद पहली बार विश्व कप में खेल रहा है। वह मौजूदा विश्व कप में नॉकआउट राउंड की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। पिंडली की चोट के कारण ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार लगातार दूसरे मैच में नहीं खेल पाए।
ब्राजील के पहले गोल
पहला विश्व कप गोल : लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में मौजूद करीब 68 हजार से भी ज्यादा दर्शकों में से अधिकतर ब्राज़ील के प्रशंसक थे। उन्हें कुन्हा ने 23वें मिनट में करियर का पहला विश्व कप गोल करके रोमांचित कर दिया। फिर उन्होंने 36वें मिनट में बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर ब्राजील को हैती की कमजोर टीम पर 2-0 की बढ़त दिला दी। विनीसियस ने पहले हाफ के इंजुरी टाइम (45 3) में तीसरा गोल किया।
ब्राजील की अगली चुनौती
इस जीत से ब्राजील ने लय हासिल करके अगले दौर में पहुंचने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। ब्राजील का पहला मैच मोरक्को के साथ 1-1 से ड्रॉ रहा था।
लाइनअप में जगह
मैनचेस्टर युनाइटेड की तरफ से खेलने वाले अटैकिंग मिडफील्डर 27 साल के स्टार खिलाड़ी कुन्हा को शुरुआती लाइनअप में जगह मिली। उन्होंने दो गोल करके साबित कर दिया कि पहले मैच में उन्हें शुरुआती लाइनअप में नहीं रखना कितनी बड़ी गलती थी।
प्रशंसकों का उत्साह
ब्राजील के फॉरवर्ड राफिन्हा के शुरुआती गोल को ऑफसाइड के कारण अमान्य कर दिया गया था। इससे सेलेकाओ (ब्राजील की टीम) के प्रशंसकों का उत्साह कुछ कम हुआ, लेकिन कुन्हा ने जल्द उन्हें सांबा की धुन पर झूमने के लिए मजबूर कर दिया। राफिन्हा को चोट के कारण पहले हाफ में ही बाहर होना पड़ा था।
हैती के प्रशंसकों का हौसला
हैती के प्रशंसकों ने अपनी टीम का हौसला बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने राष्ट्रीय टीम के पारंपरिक युद्धघोष ‘ग्रेनेडिये अलासो’ (ग्रेनेडियर्स आक्रमण पर) पर नृत्य किया और गीत गाए। जवाब में ब्राजील के प्रशंसकों ने नारे लगाए और याद दिलाया कि उनका देश पांच बार का विश्व कप चैंपियन है और फुटबॉल के बादशाह पेले का घर है।
लगभग 6,000 ब्राजीलियाई अप्रवासियों के घर फिलाडेल्फिया में कुन्हा ने अपने चिर परिचित ‘सर्फिंग’ जश्न से स्टेडियम के उल्लासपूर्ण माहौल को और बढ़ा दिया।
विनीसियस का महत्व
विनीसियस बने अहम : विनीसियस ने फिर दिखाया कि वह कितने महत्वपूर्ण है। उन्होंने हैती के खिलाफ ब्राजील को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके शॉट को गोलकीपर जॉनी प्लासिड ने जब रोक दिया और कुन्हा ने रिबाउंड पर गोल दागकर टीम का खाता खोला। कुन्हा ने दोनों हाथ फैलाकर ऐसे जश्न मनाया, मानो किसी लहर को पकड़ने की कोशिश कर रहे हों और उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें घेर लिया।
विनीसियस ने एक बार फिर हैती की रक्षापंक्ति को भेदते हुए कुन्हा को लाजवाब पास दिया जिन्होंने गेंद को नेट में पहुंचा स्कोर 2-0 कर दिया। विनीसियस ने पहले हाफ के इंजुरी टाइम में गोल किया जिससे ब्राजील मध्यांतर तक 3-0 से आगे हो गया और उसने आखिर तक यह बढ़त बरकरार रखी। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने जोरदार हमले किए लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


