वीरगंज में 151 मीटर लंबी चुनरी यात्रा के साथ शुरू हुआ नवरात्र
नेपाल के बीरगंज में शारदीय नवरात्र के पहले दिन गहवामाई मंदिर में घटस्थापना के अवसर पर 151 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई। सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने चुनरी थामकर नगर परिक्रमा की और माता के जयकारे लगाए। मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ रही। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस भव्य यात्रा ने शहर के धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को भक्तिमय बना दिया।
रक्सौल, एक संवाददाता। शारदीय नवरात्र के पहले दिन घटस्थापना के शुभ अवसर पर पर्सा जिले के वीरगंज के माई स्थान स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ गहवामाई के सम्मान में 151 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई। यह लगातार दूसरा मौका है जब वीरगंज में इतने भव्य रूप से चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया है। महिला श्रद्धालुओं की अग्रिम और उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ निकाली गई विशाल चुनरी यात्रा ने बीरगंज के पूरे धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को भक्तिमय बना दिया। घटस्थापना के दिन रविवार सुबह से ही बीरगंज स्थित गहवामाई मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब और तांता लगा रहा।
माता गहवामाई के प्रति अपनी अटूट आस्था और श्रद्धा प्रकट करते हुए सैकड़ों महिला भक्तों ने अपने हाथों में 151 मीटर लंबी लाल चुनरी थामकर नगर परिक्रमा की। पूरे मार्ग में जय माता दी और माता गहवामाई के जयकारों की गूंज से माहौल गुंजायमान रहा, जिसने नवरात्र के पहले दिन उत्सव की रौनक और दोगुनी कर दी।

