हसन के कहर से कंगारू धराशायी
बांग्लादेश की ‘पेस बैटरी’ ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट मैच में 198 रन पर आउट किया। हसन महमूद ने 6 विकेट लेकर बांग्लादेश को बढ़त दिलाई। बांग्लादेश ने एक विकेट पर 96 रन बनाकर शानदार प्रतिक्रिया दी। यह मैच बांग्लादेश के लिए टर्निंग पॉइंट है।

डार्विन, एजेंसी। अगर यह कहें कि मौजूदा समय में बांग्लादेश की ‘पेस बैटरी’ दुनिया की सबसे खतरनाक है तो हैरानी नहीं होनी चाहिए। इसका नमूना गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में देखने को मिला। पहले ही दिन तेज गेंदबाज हसन महमूद ने छह विकेट लेकर कंगारुओं को महज 198 रन पर धराशायी कर दिया। यह ऑस्ट्रेलिया का बांग्लादेश के खिलाफ एक पारी का सबसे कम स्कोर है। हसन के अलावा तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन ने 2-2 विकेट चटकाए। बांग्लादेश टेस्ट इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए। अभी पिछले हफ्ते अभ्यास मैच में 54 रन पर ढेर होने वाली बांग्लादेश की ऐसी वापसी ने सभी को चौंका दिया है।
बांग्लादेश का जवाब
इसके बाद बांग्लादेश के शीर्ष बल्लेबाजों ने जिस तरह जवाब दिया वह भी हैरान करने वाला रहा। उसने सिर्फ शादमान इस्लाम (20) के रूप में एक विकेट खोया। दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने एक विकेट पर 96 बन बना लिए थे। मोमिनुल हक 35 रन और तंजीद हसन 32 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इन दोनों ने करीब 16 ओवर बल्लेबाजी की और 60 रन जोड़े।
ऑस्ट्रेलिया की स्थिति
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के 198 रनों में 71 रन अकेले स्टीव स्मिथ के रहे। वरना मेहमानों की हालत और पतली हो सकती थी। कोई अन्य कंगारू बल्लेबाज 23 रन से ऊपर नहीं बना सका। उनके लिए दिन की सिर्फ एक यादगार उपलब्धि रही, तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का एकमात्र विकेट। यह विकेट खास इसलिए रहा क्योंकि अब वह सर्वाधिक टेस्ट विकेट (434) लेने वाले खब्बू गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में रंगना हेराथ को पीछे छोड़ा। साथ ही कुल गेंदबाजों में कपिल देव की बराबरी भी की।
--------------------------------------------------------------
कौन हैं महमूद
हसन महमूद बांग्लादेश के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। उनका जन्म 12 अक्टूबर 1999 को लक्ष्मीपुर, बांग्लादेश में हुआ था। उन्होंने 2020 में बांग्लादेश के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया।
विशेष उपलब्धियां
खास उपलब्धि
- महमूद ने 6/55 के आंकड़े के साथ टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया
- हसन ने टेस्ट क्रिकेट में तीन बार 5 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की है
- खास बात यह है कि तीनों बार पांच विकेट विदेशी धरती पर आए हैं
संक्षिप्त स्कोर बोर्ड
ऑस्ट्रेलिया : 198/10 (स्टीव स्मिथ 71, गेंदबाजी : हसन 6/55, तस्कीन 2/55)
बांग्लादेश : 96/1 (मोमिनुल 35*, तंजीद 32*, गेंदबाजी : स्टार्क 1/28)
दो टेस्ट मैच की यह श्रृंखला ऑस्ट्रेलिया के अगले 12 महीनों के व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत है जिसमें उसे कुल 20 टेस्ट मैच खेलने हैं। इस दौरान टीम दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड का दौरा भी करेगी।
एपी नमिता पंत
पंत


