भारत का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री तारिक रहमान : बांग्लादेश
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा अभी अंतिम रूप नहीं ले पाई है। कनिष्ठ विदेश मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि यात्रा का समय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और दोनों देशों के बीच बातचीत पर निर्भर करेगा। पीएम मोदी ने तारिक रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने का निमंत्रण दिया है।

ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा अभी अंतिम रूप नहीं ले पाई है। बांग्लादेश की कनिष्ठ विदेश मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने गुरुवार को कहा कि यात्रा का समय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और दोनों देशों के बीच बातचीत में हुई प्रगति पर निर्भर करेगा। विदेश मंत्रालय में संवाददाताओं से बातचीत में शमा ने कहा कि सरकार सभी देशों की यात्रा को लेकर सकारात्मक है, लेकिन यह प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और दोनों देशों के बीच बातचीत कितनी आगे बढ़ती है, इस पर निर्भर करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने के लिए अपने बांग्लादेशी समकक्ष को आमंत्रित किया है।
भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और 12-13 सितंबर को शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। तारिक रहमान को भारत की ओर से दो अलग-अलग निमंत्रण दिए गए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जैसवाल ने मंगलवार को कहा था कि इनमें एक द्विपक्षीय यात्रा के लिए और दूसरा सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में भाग लेने के लिए है।


