भारत के साथ संबंधों को फिर से सुधारना चाहते हैं : बांग्लादेश
बांग्लादेश ने भारत के साथ अपने संबंधों को सुधारने की इच्छा जताई है। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा में ले जाने की जरूरत है। यह बयान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री तारिक रहमान के निमंत्रण नहीं मिलने के बाद आया है।

ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि वह भारत के साथ अपने रिश्तों को फिर से सुधारना चाहता है और आपसी हितों के आधार पर नए द्विपक्षीय संबंध बनाना चाहता है। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर का यह बयान बांग्लादेश के उस ऐलान के दो दिन बाद आया है, जिसमें गुरुवार को कहा गया था कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे, क्योंकि उन्हें इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था। इसके बजाय निमंत्रण बिम्सटेक के अध्यक्ष को भेजा गया था। दो दिन तक चला ब्रिक्स शिखर सम्मेलन रविवार को संपन्न हुआ।
भारत ने रहमान को 'बहुक्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल' (बिम्सटेक) के अध्यक्ष के तौर पर शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, जबकि फरवरी से ही उन्हें एक अलग द्विपक्षीय निमंत्रण भी भेजा जा चुका था। कबीर ने यहां पत्रकारों से कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को नए सिरे से शुरू करना चाहता है। उन्होंने कहा कि हम एक नए रिश्ते की ओर बढ़ना चाहते हैं, और यह काम द्विपक्षीय बातचीत के जरिए होना चाहिए, न कि किसी बहुपक्षीय मंच के जरिए।


