एक मकड़ी भगाने को राख किया विला
इंडोनेशिया के बाली में 45 वर्षीय नेपाली पर्यटक गौरव राणा ने बाथरूम में मकड़ी भगाने के लिए कागज जलाया और दूसरे कमरे में चले गए। तेज हवा से जलता कागज छप्पर वाली छत तक पहुंचा और करीब एक करोड़ रुपये का विला आग में जलकर खाक हो गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ और आसपास के घरों को नुकसान नहीं पहुंचा।

पर्यटक को बाथरूम में एक मकड़ी नजर आई थी कागज जलाकर मकड़ी भगाने की कोशिश थी
मकड़ी भगाने की कोशिश में लगी आग
बाली, एजेंसी। इंडोनेशिया में मकड़ी भगाने की कोशिश एक पर्यटक को भारी पड़ गई। उसने मकड़ी को डराने के लिए कागज जलाया, जिससे करीब एक करोड़ रुपये के विला में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी इमारत जलकर खाक हो गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। 45 वर्षीय नेपाली नागरिक गौरव राणा बाली में जिस विला में ठहरे थे, वहां उन्हें एक मकड़ी दिखाई दी। उसे भगाने के लिए उन्होंने बाथरूम में कागज जलाया और फिर दूसरे कमरे में चले गए। जलता हुआ कागज तेज हवा के कारण पास की छप्पर वाली छत तक पहुंच गया, जिससे आग लग गई।
आग से बचाव और मकड़ियों को हटाने के उपाय
विला की छत सूखी घास से बनी थी। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई। दमकलकर्मियों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास के घरों को भी खतरा पैदा हो गया था, लेकिन आग से किसी अन्य घर को नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि इस घटना के लिए पर्यटक पर कोई कानूनी कार्रवाई होगी या नहीं। विशेषज्ञों के मुताबिक, मकड़ी और उसके जाले हटाने के लिए झाड़ू या वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल किया जा सकता है। खिड़कियों पर जाली लगाना और दरवाजों के नीचे की खाली जगह बंद करना भी मददगार है। अगर घर में मकड़ियां बहुत ज्यादा हों तो विशेषज्ञों की मदद लेना बेहतर है। उन्हें भगाने के लिए कागज या कोई दूसरी चीज जलाना खतरनाक हो सकता है।

