ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशवर्ल्ड हेल्थ असेंबली में आयुष्मान भारत की सराहना, यूके और जर्मनी के स्वास्थ्य मंत्रियों ने मांगी योजना की जानकारी

वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में आयुष्मान भारत की सराहना, यूके और जर्मनी के स्वास्थ्य मंत्रियों ने मांगी योजना की जानकारी

देश के 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपए का सालाना बीमा देने और डेढ़ लाख हेल्थ और वेलनेस सेंटर तैयार करने के लिए प्रस्ता​वित योजना आयुष्मान भारत को सोमवार से शुरू हुए 71वें वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में...

वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में आयुष्मान भारत की सराहना, यूके और जर्मनी के स्वास्थ्य मंत्रियों ने मांगी योजना की जानकारी
जेनेवा। स्कन्द विवेक Tue, 22 May 2018 05:00 PM
ऐप पर पढ़ें

देश के 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपए का सालाना बीमा देने और डेढ़ लाख हेल्थ और वेलनेस सेंटर तैयार करने के लिए प्रस्ता​वित योजना आयुष्मान भारत को सोमवार से शुरू हुए 71वें वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में खासी सराहना मिल रही है। दूसरे देशों के मंत्री जहां इसके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाह रहे हैं, वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेडरस गै​ब्रियसस के मुताबिक इससे सभी के लिए स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के डब्ल्यूएचओ के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। 

वर्ल्ड हेल्थ असेंबली के उद्घाटन संबोधन में डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ने कहा कि डब्ल्यूएचओ के कंधे पर 7 अरब लोगों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी है। यह एक बड़ी चुनौती है। इसलिए हमने इस सभी के लिए स्वास्थ्य सेवाएं यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज मुहैया कराने का लक्ष्य बनाया है। कई देश इसमें बड़े कदम उठा रहे हैं। भारत ने आयुष्मान भारत की घोषणा की है। इससे देश के 50 करोड़ लोगों को फायदा पहुंचेगा।

वहीं, डब्ल्यूएचओ में यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज विभाग के एक वरिष्ठ सलाहकार ने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि इस समय हमारी निगाह मोदीकेयर पर है। यदि यह सफलता से लागू हो जाती है, तो सभी को स्वास्थ्य सेवा देने के हमारे लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमारे पास एक मॉडल होगा। उन्होंने कहा भारत की केस स्टडी हमारे लिए इसलिए महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि उसे अन्य कम आय वर्ग पर भी लागू किया जा सकता है। हालांकि आयुष्मान भारत में रूचि दिखाने वाले देशों में सिर्फ कम या मध्यम आयवर्ग के देश ही शामिल नहीं हैं विकसित देश भी इसके बारेे में जानना चाह रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के साथ प्रतिनिधि मंडल में आए संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि कई अफ्रीकी एवं एशियाई देशोें के अलावा जर्मनी और ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्रियों ने आयुष्मान भारत के बारे में ज्यादा जानकारी देने के लिए अनुरोध किया है।       

चीन से पहले भारत को मौका
वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में महानिदेशक और ग्रुप आॅफ कंट्रीज के बाद देशों के संबोधन में भारत को सबसे पहला मौका मिला। इसमें स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आयुष्मान भारत की जानकारी देने के अलावा अन्य देशों से डिजिटल हेल्थ को अपनाने और इस आगे बढ़ने की अपील की। इसके अलावा, स्वास्थ्य मंत्री ने ब्राजील, स्वीडन और ब्रिटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें