हाफिज सईद की रिहाई पर अमेरिका की दो टूक, ' दोबारा करें गिरफ्तार'
हाफिज सईद की रिहाई को लेकर अमेरिका ने चिंता जताई है। अमेरिका ने पाकिस्तान सरकार से कहा है कि वह मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को उसके गुनाहों के लिए गिरफ्तार करे और आरोपी बनाए। अमेरिकी विदेश...
हाफिज सईद की रिहाई को लेकर अमेरिका ने चिंता जताई है। अमेरिका ने पाकिस्तान सरकार से कहा है कि वह मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को उसके गुनाहों के लिए गिरफ्तार करे और आरोपी बनाए। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नॉर्ट ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान में हाफिज सईद की नजरबंदी से रिहाई को लेकर अमेरिका बहुत चिंतित है। पाकिस्तान सरकार उसके अपराधों के लिए उसे गिरफ्तार करे और आरोपित करे। हीथर नॉर्ट ने कहा कि अमेरिका इससे बहुत चिंतित है कि हाफिज सईद को पाकिस्तान में नजरबंदी से रिहा कर दिया गया है। लश्कर-ए-तैयबा को विदेशी आतंकी संगठन घोषित किया गया है जो कई अमेरिकी नागरिकों सहित सैकड़ों निर्दोष लोगों की हत्या का जिम्मेदार है।
भारत ने भी सईद को रिहा करने के न्यायिक बोर्ड के फैसले पर नाराजगी जताई थी। भारत ने कहा कि यह फैसला प्रतिबंधित आतंकवादियों को मुख्यधारा में लाने का पाकिस्तान का प्रयास और सरकार से इतर तत्वों को उसके लगातार समर्थन को दर्शाता है। वहीं विदेश मंत्रालय ने भी कहा कि सईद की रिहाई एकबार फिर आतंकवाद के अपराधियों को न्याय के दायरे में लाने में पाकिस्तान सरकार की तरफ से गंभीरता के अभाव की पुष्टि करती है।
जमात-उद-दावा (जेयूडी) के प्रमुख सईद पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर इनाम घोषित कर रखा है। लेकिन उसे लाहौर उच्च न्यायालय के एक आदेश पर 10 महीने की नजरबंदी बाद गुरुवार आधी रात के बाद रिहा कर दिया गया। अमेरिका और भारत का आरोप है कि सईद 2008 के मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था, और उसे इस साल जनवरी में नजरबंद कर दिया गया था। नजरबंदी से बाहर आते ही सईद ने भारत विरोधी बयानबाजी की और कहा कि वह 'कश्मीर के मकसद के लिए लोगों लामबंद करेगा।
पाकिस्तान: रिहा हुआ आतंकी हाफिज सईद, लाहौर में मना जश्न, VIDEO
बता दें कि पाकिस्तान ने प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा प्रमुख और 2008 के मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद को नजरबंदी से आज रिहा कर दिया। रिहाई के कुछ ही वक्त बाद सईद ने कहा कि वह कश्मीर के मुद्दे पर पूरे पाकिस्तान से लोगों को जुटाएगा और आजादी हासिल करने में कश्मीरियों की मदद करेगा।सईद को मुंबई हमले की नौवीं बरसी से पहले रिहा किया गया है। गौरतलब है कि मुंबई हमले में 166 लोग मारे गए थे।