वर्ल्ड पावर कप चैंपियनशिप में मन चौधरी ने जीता गोल्ड
अलीगढ़ के जेएस पब्लिक स्कूल के कक्षा 12 के छात्र मन चौधरी ने काठमांडू में आयोजित वर्ल्ड पावर कप चैंपियनशिप में 67.5 किलोग्राम भार वर्ग का स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में 10 देशों के करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उनकी सफलता में कोच राहुल पाठक और विद्यालय प्रबंधन का सहयोग अहम रहा।

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अलीगढ़ के खिलाड़ी मन चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले और देश का नाम रोशन किया है। जेएस पब्लिक स्कूल, बड़ागांव के कक्षा 12 के छात्र मन चौधरी ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित वर्ल्ड पावर कप चैंपियनशिप में 67.5 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में 10 देशों के करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच मन ने अपनी प्रतिभा, दमखम और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी जीत के बाद प्रतियोगिता स्थल पर तिरंगा भी लहराया गया।
विद्यालय के डायरेक्टर अंकित शर्मा ने उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए हरसंभव सहयोग दिया। वहीं, हेड कोच राहुल पाठक के निरंतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने भी प्रदर्शन को निखारने में अहम भूमिका निभाई। विद्यालय प्रबंधन ने उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

