मेरठ पहुंचे अफगानिस्तान के खिलाड़ी, बोले विराट-धौनी हमारे यहां भी हीरो
मेरठ में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के मीडिया मैनेजर नासिर और युवा विकेटकीपर नूर अहमद क्रिकेट उपकरण लेने आए। उन्होंने भारत-अफगानिस्तान क्रिकेट रिश्तों और आईपीएल के प्रभाव पर बात की। नासिर का कहना था कि भारतीय क्रिकेटरों को अफगानिस्तान में बहुत पसंद किया जाता है, और उनकी टीम आने वाले मैचों में वापसी के लिए तत्पर है।

मेरठ। अफगानिस्तान टीम के मीडिया मैनेजर नासिर और युवा विकेटकीपर नूर अहमद क्रिकेट उपकरण लेने सोमवार को बीडीएम पहुंचे। बल्ले और अन्य क्रिकेट उपकरण लेने के साथ दोनों ने मेरठ के क्रिकेट बाजार और यहां के क्रिकेट माहौल को भी करीब से देखा। इसी दौरान नासिर ने भारत-अफगानिस्तान के क्रिकेट रिश्तों, आईपीएल के प्रभाव और अफगानिस्तान क्रिकेट के बदलते स्वरूप पर बात की। भारत से टी-20 सीरीज खेलने अफगानिस्तान की टीम आई हुई है। बीडीएम कंपनी पहुंचे नासिर का कहना है कि भारत में अफगान क्रिकेटरों को जिस तरह का प्यार और सम्मान मिलता है, वह शायद ही किसी दूसरे देश में मिलता हो।
अफगानिस्तान में भी भारतीय क्रिकेटरों को पसंद किया जाता है। विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी वहां के युवाओं के हीरो हैं। नासिर के मुताबिक भारतीय परिस्थितियां अफगान खिलाड़ियों के लिए अब अनजानी नहीं हैं। आईपीएल में लगातार खेलने के कारण कई क्रिकेटर भारत के मैदानों, पिचों और क्रिकेट संस्कृति से अच्छी तरह परिचित हो चुके हैं। इसका फायदा उन्हें अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी मिलता है। नासिर ने कहा कि अफगानिस्तान की टीम पहले टी-20 मैच में मिली हार से निराश नहीं है। खिलाड़ियों का लक्ष्य अगले दोनों मैचों में मजबूती से वापसी करना है।युवा विकेट कीपर नूर अहमद ने बताया कि अफगानिस्तान में युवा अपने स्टार खिलाड़ियों को देखकर क्रिकेट की ओर आकर्षित हो रहे हैं। काबुल में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण चल रहा है। अफगानिस्तान भविष्य में अपने घरेलू मैदानों पर ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय टीमों की मेजबानी करना चाहता है। अब अफगानिस्तान का सपना सिर्फ बड़ी टीमों को चुनौती देना नहीं, बल्कि टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप या टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतना है। बीडीएम के चेयरमैन राकेश महाजन का कहना है कि मेरठ में बने बैट दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं और हमेशा विदेशी खिलाड़ी यहां आते रहे हैं। अफगानिस्तान टीम के मीडिया मैनेजर नासिर और खिलाड़ी नूर अहमद बैट और अन्य सामान लेने आए थे।


