चलते-चलते-- दुनिया के सबसे पुराने जहाज का मलबा मिला
- 4,700 साल पुराना है इसका इतिहास इस्तांबुल, एजेंसी। तुर्किये में पुरातत्वविदों को समुद्र

- 4,700 साल पुराना है इसका इतिहास इस्तांबुल, एजेंसी। तुर्किये में पुरातत्वविदों को समुद्र के भीतर दुनिया के सबसे पुराना जहाज का मलबा मिला है। यह करीब 4,400 से 4,700 साल पुराना है। यह वही समय था, जब मिस्र में गीजा का महान पिरामिड बनाया जा रहा था।
समुद्र में मिला प्राचीन जहाज
यह मलबा तुर्किये के अंताल्या क्षेत्र में केकोवा द्वीप के पास समुद्र में 100 फीट की गहराई मे मिला। बिखरे हुए सामान में मिट्टी के 30 से ज्यादा बड़े बर्तन और पत्थर के तीन विशाल लंगर मिले हैं। पुरातत्वविदों के मुताबिक, जहाज करीब 10 मीटर लंबा था और भूमध्य सागर के रास्ते सामान की ढुलाई करता था।
जहाज की लकड़ी हजारों साल तक समुद्र में रहने के कारण नष्ट हो गई है इसलिए उसकी उम्र पता करने के लिए कार्बन डेटिंग जैसी तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया जा सका। इसके बजाय शोधकर्ताओं ने मिट्टी के बर्तनों की बनावट और डिजाइन का अध्ययन किया। इन बर्तनों में दो हैंडल, बीच में उभरा हुआ हिस्सा और सपाट तली है। इनकी तुलना मिस्र और मध्य पूर्व में मिले पुराने बर्तनों से की गई, जिनकी उम्र 4,400 से 4,700 साल के बीच मानी जाती है।
जहाज में ले जाए जा रहे सामान की पड़ताल
बर्तनों में क्या ले जा रहे थे?
पुरातत्वविदों का अनुमान है कि जहाज भूमध्य सागर के पूर्वी तट से रवाना हुआ होगा और ट्रॉय या क्रेट द्वीप के मिनोअन लोगों तक सामान पहुंचा रहा होगा। रिसर्च टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मिट्टी के बड़े बर्तनों में क्या ले जाया जा रहा था। यह जैतून का तेल हो सकता है, वाइन हो सकती है या पेड़ों की राल हो सकती है।

