Hindi Newsविदेश न्यूज़Sri Lanka former President Wickremesinghe health deteriorates in jail admitted to ICU
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति विक्रमसिंघे की जेल में बिगड़ी तबीयत, ICU में भर्ती; मंगलवार को कोर्ट में पेश होंगे?

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति विक्रमसिंघे की जेल में बिगड़ी तबीयत, ICU में भर्ती; मंगलवार को कोर्ट में पेश होंगे?

संक्षेप: कोलंबो नेशनल हॉस्पिटल के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति को अगले तीन दिनों तक दवा और आराम की सलाह दी गई है। पिछले दिन पानी की कमी के कारण उनकी हृदय गति बढ़ गई थी।

Mon, 25 Aug 2025 12:25 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान, कोलंबो
share Share
Follow Us on

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे स्वास्थ्य कारणों से मंगलवार को अदालत में पेश नहीं हो सकेंगे। डेली मिरर श्रीलंका ने अस्पताल के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। डेली मिरर के अनुसार, विक्रमसिंघे को 26 अगस्त को कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होना था, लेकिन उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति के कारण वे ऐसा नहीं कर पाएंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

तीन दिनों तक आराम की सलाह

कोलंबो नेशनल हॉस्पिटल (CNH) के एक अधिकारी के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति को अगले तीन दिनों तक दवा और आराम की सलाह दी गई है। पिछले दिन पानी की कमी के कारण उनकी हृदय गति बढ़ गई थी। मेडिकल जांच में किडनी के मापदंडों में वृद्धि और सिरदर्द जैसे लक्षण भी सामने आए हैं। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में लक्षण गंभीर नहीं हैं, लेकिन जटिलताएं बढ़ने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। उचित उपचार से उनकी हालत में सुधार संभव है, लेकिन उन्हें अगले तीन दिनों तक आराम और दवा की आवश्यकता होगी। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।

सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार

न्यूजवायर लंका की रिपोर्ट के अनुसार, रानिल विक्रमसिंघे को शुक्रवार को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी लंदन की एक निजी यात्रा के लिए सरकारी धन के उपयोग से जुड़ी है, जहां उन्होंने एक विश्वविद्यालय के स्नातक समारोह में हिस्सा लिया था। इस मामले में लगभग 1.66 करोड़ श्रीलंकाई रुपये के कथित दुरुपयोग का आरोप है, जो उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान खर्च किए गए थे।

छह बार रहे श्रीलंका के प्रधानमंत्री

सीआईडी ने विक्रमसिंघे पर श्रीलंकाई दंड संहिता की धारा 386 और 388 के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति अधिनियम की धारा 5(1) के तहत आरोप लगाए हैं। इन धाराओं के तहत न्यूनतम एक वर्ष से लेकर अधिकतम 20 वर्ष तक की सजा हो सकती है। बता दें कि छह बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री रहे रानिल विक्रमसिंघे ने जुलाई 2022 में गोटाबाया राजपक्षे के हटने के बाद अंतरिम राष्ट्रपति का पद संभाला था। सितंबर 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में वे नेशनल पीपुल्स पावर के नेता अनुरा कुमारा दिसानायके से हार गए थे।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap
देवेन्द्र कश्यप, लाइव हिंदुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर। पटना से पत्रकारिता की शुरुआत। महुआ न्यूज, जी न्यूज, ईनाडु इंडिया, राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे बड़े संस्थानों में काम किया। करीब 11 साल से डिजिटल मीडिया में कार्यरत। MCU भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई। पटना व‍िश्‍वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में नेशनल, इंटरनेशनल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।