
डेट पर जाने के 31 हजार, शादी करने के 25 लाख रुपए दे रहा ये देश; जन्म दर गिरने से बढी चिंता
तेजी से गिरते जन्म दर को बढ़ाने के लिए सरकार युवाओं को ना सिर्फ डेट पर जाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि इस काम के लिए इंसेंटिव भी दे रही है। वहीं बच्चे के जन्म का खर्च भी सरकार उठाती है।
अगर आपको पता चले कि एक साधारण से डेट पर जाने के लिए आपको सरकार की तरफ से पैसे मिलेंगे तो आपकी प्रतिक्रिया क्या होगी? इतना ही नहीं क्या हो अगर हमारे देश में शादी ब्याह और बच्चे के जन्म का खर्च भी सरकार उठाने लगे? हैरान मत होइए। फिलहाल भारत में इस तरह की कोई योजना नहीं लाई गई है, और ना ही भारत जैसे देशों में इस तरह की पॉलिसी की फिलहाल जरूरत है। लेकिन एक ऐसा देश है जहां की सरकार लोगों को डेट पर जाने और शादी-ब्याह करने के लिए इंसेंटिव दे रही है। यह देश है साउथ कोरिया।
दरअसल दक्षिण कोरिया मौजूदा समय में चीन, जापान और रूस की तरह ही गंभीर जनसांख्यिकीय संकट से जूझ रहा है। आर्थिक विकास के बीच यहां निजी रिश्ते, शादी और परिवार बसाने की प्रवृत्ति तेजी से घटती जा रही है। वहीं लंबे कामकाजी घंटे और प्रोफेशनल दबाव की वजह से युवाओं के पास डेटिंग, शादी और बच्चों की परवरिश के लिए समय ही नहीं है। इन सब में बीच देश की आबादी तेजी से बूढ़ी होती जा रही है और जन्म दर भी रिकॉर्ड गति से घट रहा है।
इन हालातों से निपटने के लिए दक्षिण कोरिया की सरकार ने कई नीतियों पर काम करना शुरू कर दिया है। इसके तहत लोगों को सिर्फ डेट पर जाने के लिए भी आर्थिक मदद दी जा रही है। जो लोग आपसी सहमति से मिलने के लिए तैयार होते हैं, उन्हें कैश इंसेंटिव दिया जाता है। इस रकम का इस्तेमाल बाहर खाना खाने, मूवी देखने या साथ समय बिताने जैसी गतिविधियों के लिए किया जा सकता है। डेटिंग के लिए कपल को 350 डॉलर यानी लगभग 31 हजार रुपए तक मिलते हैं।
इतना ही नहीं, जो जोड़े शादी करने का फैसला करते हैं, उन्हें इससे कहीं ज्यादा रकम दी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी के लिए 25 लाख रुपए तक का इंसेंटिव भी मिल सकता है। इसके अलावा सरकार का मानना है कि बढ़ती महंगाई और जीवन यापन की ऊंची लागत के कारण कई कपल माता-पिता बनना चाहते हुए भी इस फैसले को टाल रहे हैं। ऐसे में जो दंपती बच्चे पैदा करने का फैसला लेते हैं, उन्हें भी अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाती हैं।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




