बैंक ऑफ अमेरिका की वाइस प्रेसिडेंट को चाकू से गोदा, फेमस टाइम्स स्क्वायर पर हत्या

लाइव हिन्दुस्तान, न्यूयॉर्क
Follow us on Google News
share

अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में बैंक ऑफ अमेरिका की एग्जीक्यूटिव एरिन पियाचेंटी की हत्या कर दी गई। टाइम्स स्क्वायर पर एक महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। 

New York Murder
अमेरिका में बैंक अधिकारी का मर्डर हो गया है।

अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में बैंक ऑफ अमेरिका की एग्जीक्यूटिव एरिन पियाचेंटी की हत्या कर दी गई। टाइम्स स्क्वायर पर एक महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले की शिकार में एक बैंक ऑफ अमेरिका की एग्जीक्यूटिव थीं। इसके बाद पुलिस ने हमलावर महिला को गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को हुई यह घटना वन टाइम्स स्क्वायर के ठीक बाहर न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के एक उप केंद्र के पास हुई। वन टाइम्स स्क्वायर वही इमारत है, जहां शहर में हर बार नए साल की पूर्व संध्या के ‘बॉल ड्रॉप’ समारोह का आयोजन होता है। टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क के उन इलाकों में शामिल है, जहां सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं।

बैग से चाकू निकालकर हमला

न्यूयॉर्क पुलिस ने सोमवार शाम एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि क्वींस की रहने वाली 49 वर्षीय महिला ने एक बैग से दो चाकू निकाले और पहले 68 वर्षीय एक व्यक्ति के पेट में चाकू मार दिया। इसके तुरंत बाद उसने मुड़कर एरिन के पेट में भी चाकू मार दिया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, एरिन की मौत हो गई, जबकि 68 वर्षीय व्यक्ति की हालत स्थिर है। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कम से कम 10 पुलिस अधिकारी उस महिला के आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। महिला के हाथों में रसोई में इस्तेमाल होने वाले दो बड़े चाकू थे।

हाल ही में मनाई थी शादी की दूसरी सालगिरह

न्यूयॉर्क डेली न्यूज के अनुसार, पियाचेंटी बैंक ऑफ अमेरिका में बिजनेस सेलेक्शन और कॉन्फ़्लिक्ट्स विभाग की वाइस प्रेसिडेंट थीं। उन्होंने फॉर्डम लॉ स्कूल से लॉ की डिग्री हासिल की और 2021 में अपने पति, फ्रैंक पियाचेंटी के साथ ग्रेजुएट हुईं। इस कपल ने हाल ही में अपनी शादी की दूसरी सालगिरह मनाई थी। फॉर्डम लॉ ने एक बयान में कहा कि उनकी मौत से वह अत्यंत दुखी हैं।

पुलिस ने चला दी गोली

पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि अधिकारियों ने महिला को चाकू नीचे रखने के लिए समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद दो पुलिस अधिकारियों ने महिला पर गोली चला दी। टिश ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड में महिला के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख है, लेकिन उसे पहले कभी गिरफ्तार नहीं किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टिश ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह संकेत मिले कि यह आतंकवादी हमला था। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहाकि हम जानते हैं कि आज जो हुआ, उससे पीड़ित परिवारों की जिंदगी पूरी तरह बिखर गई है। हम उनके दुख को समझते हैं और उनके साथ खड़े रहेंगे।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़बैंक ऑफ अमेरिका की वाइस प्रेसिडेंट को चाकू से गोदा, टाइम्स स्क्वायर पर हत्या