सऊदी अरब के साथ शहबाज-मुनीर, हूतियों को धमकी; ईरान से दो-दो हाथ करेगा पाकिस्तान?
पाकिस्तान ने सऊदी के साथ खड़े होकर यमन के हूती विद्रोहियों को सीधी चेतावनी दे दी है। विदेश कार्यालय ने बुधवार को हूतियों द्वारा लाल सागर में वाणिज्यिक जहाजों और सऊदी अरब के खिलाफ दी गई नाकाबंदी की धमकी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी कोई भी कार्रवाई पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ होगी।

पाकिस्तान ने ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब और लाल सागर में जहाजों के खिलाफ दी गई हालिया धमकियों की कड़ी निंदा की है। विदेश कार्यालय (FO) ने बुधवार को जारी बयान में इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया। विदेश कार्यालय ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि पाकिस्तान सऊदी अरब के साथ वाणिज्यिक नौवहन और व्यापार को निशाना बनाने वाली किसी भी धमकी को बर्दाश्त नहीं करेगा। पाकिस्तान की ओर से यह बयान हूतियों की उस घोषणा के बाद आया है जिसमें उन्होंने ईरान के समर्थन से सऊदी अरब पर तत्काल समुद्री नाकाबंदी लगाने की चेतावनी दी थी।
विदेश कार्यालय ने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब के बंदरगाहों तक पहुंच काटने की किसी भी कोशिश से क्षेत्रीय सुरक्षा, नौवहन की स्वतंत्रता और वैश्विक व्यापार पर गंभीर खतरा पैदा होगा। बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों या पाकिस्तान के समुद्री हितों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानी जाएगी। बयान में आगे कहा गया है कि पाकिस्तान ने अपने अधिकारों को सुरक्षित रखते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री संपत्ति और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आत्मरक्षा सहित सभी आवश्यक कदम उठाएगा।
सऊदी अरब के साथ सामरिक साझेदारी
पाकिस्तान ने सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और समृद्धि के लिए अपना अटूट समर्थन दोहराया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल ही में सऊदी अरब पर हूती मिसाइल हमलों की कड़ी निंदा की थी और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में रियाद का साथ दिया था। बता दें कि दोनों देशों के बीच सितंबर 2025 में हस्ताक्षरित सामरिक सहयोग और पारस्परिक रक्षा समझौते के तहत किसी एक पर हमला दोनों पर हमला माना जाएगा।
ईरान से दो-दो हाथ करेगा पाकिस्तान?
बता दें कि पाकिस्तान अमेरिका-ईरान तनाव के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है, लेकिन सऊदी अरब के साथ बढ़ती जिम्मेदारियों के कारण मध्य-पूर्व संघर्ष में उसकी न्यूट्रलिटी बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि क्या पाकिस्तान हूतियों के खिलाफ कार्रवाई कर ईरान से दो-दो हाथ करेगा? यहां आपको बता दें कि यमन के हूतियों को ईरान का समर्थन प्राप्त है। अगर पाकिस्तान हूतियों के खिलाफ किसी तरह का कार्रवाई करता है तो सीधे ईरान पर हमला माना जाएगा। इसके बाद संभव है कि ईरान भी पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोल दे।
लाल सागर में तनाव बरकरार
गौरतलब है कि हूतियों की धमकियों के बाद लाल सागर में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। मंगलवार को सऊदी क्रूड तेल ले जा रहे तीन टैंकरों ने लाल सागर में यू-टर्न लिया और स्वेज नहर की ओर रुख कर लिया। हूतियों ने पहले भी बाब अल-मंडेब स्ट्रेट को निशाना बनाकर शिपिंग को बाधित करने की कोशिश की है। सऊदी अरब के यानबू बंदरगाह से तेल निर्यात होर्मुज को बाईपास करने के लिए महत्वपूर्ण है। अमेरिका-ईरान संघर्ष के चलते इस क्षेत्र में पहले से ही शिपिंग बाधित है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मंगलवार को कहा कि अगर हूती नाकाबंदी लागू करते हैं तो अमेरिका उनका ध्यान रखेगा। इस तरह मिडिल ईस्ट में लगातार तनाव बढ़ रहा है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


