इमरान खान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी शहबाज सरकार, हो गई भारी बेइज्जती
18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान को तत्काल इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल रेफर किया जाए।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के इलाज को लेकर जारी कानूनी और राजनीतिक खींचतान के बीच शहबाज शरीफ सरकार को एक और बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने इमरान खान को एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर करने के अदालत के आदेश के खिलाफ दायर समीक्षा याचिका को आपत्तियों के साथ वापस लौटा दिया है। यह याचिका इस्लामाबाद के मुख्य आयुक्त की ओर से सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री में दाखिल की गई थी।
आपको बता दें कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान को तत्काल इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल रेफर किया जाए। शीर्ष अदालत ने डॉक्टरों के एक मेडिकल बोर्ड के गठन का भी आदेश दिया था, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ इमरान खान के निजी चिकित्सक को शामिल करने की बात कही गई थी। अदालत ने उन्हें 16 सितंबर तक अस्पताल में रहकर अपना इलाज कराने की अनुमति दी थी।
सरकार ने जेल नियमों का दिया था हवाला
सुप्रीम कोर्ट के इस अंतरिम आदेश के तुरंत बाद शहबाज सरकार ने इसे चुनौती दी। इस्लामाबाद के एडवोकेट जनरल नवीद हयात मलिक के माध्यम से मुख्य आयुक्त द्वारा दाखिल समीक्षा याचिका में तर्क दिया गया कि सुप्रीम कोर्ट का यह अंतरिम आदेश एक तरह से अंतिम राहत प्रदान करता है, जो पाकिस्तान के जेल नियमों के तहत निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन है। सरकार ने यह सवाल भी उठाया कि किसी कैदी को निजी अस्पताल में इलाज की अनुमति देना अन्य कैदियों के साथ असमान व्यवहार का कारण बन सकता है और इससे भविष्य के लिए एक गलत मिसाल कायम होगी। कानून मंत्री आजम नजीर तरार ने भी स्पष्ट किया था कि सरकार आवश्यक चिकित्सा देखभाल के खिलाफ नहीं है, बल्कि वह चाहती है कि इलाज जेल के स्थापित नियमों के अनुसार ही हो।
सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लौटाई याचिका?
सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने इस समीक्षा याचिका पर सुनवाई करने से पहले ही इस पर आपत्तियां जता दीं। दस्तावेजों में कमियों और अधूरे पेपर बुक्स का हवाला देते हुए याचिका को मुख्य आयुक्त को वापस भेज दिया गया। इसका मतलब है कि सरकार की चुनौती अभी मुख्य सुनवाई के चरण में नहीं पहुंच सकी है। अब अधिकारियों द्वारा इन आपत्तियों को दूर कर याचिका को दोबारा दाखिल किए जाने की उम्मीद है।
शहबाज शरीफ सरकार के लिए यह स्थिति ऐसे समय में बनी है जब देश का राजनीतिक माहौल काफी गरमा चुका है। वर्ष 2023 से जेल में बंद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रमुख और देश के सबसे बड़े विपक्षी नेता इमरान खान के स्वास्थ्य, विशेषकर उनकी आंखों की रोशनी को लेकर उनके परिवार और पार्टी ने गंभीर चिंताएं जताई हैं। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट द्वारा याचिका का वापस लौटाया जाना सरकार के लिए एक बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

