पाकिस्तान में स्कूल की छत गिरी, दबकर मर गए 28 बच्चे

लाइव हिन्दुस्तान, पेशावर
share

पाकिस्तान के पेशावर में एक स्कूल की छत गिरने से एक दर्जन से ज्यादा बच्चों की मौत हो गई है। मारे जाने वाले सभी की उम्र 13 साल से कम बताई जा रही है। फिलहाल, घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में कई दबे हो सकते हैं।

Pakistan School Accident
पेशावर स्थित स्कूल में हुए इस दर्दनाक हादसे की वजह छत पर निर्माण के चलते ज्यादा वजन होना बताया जा रहा है। (Photo by Abdul MAJEED / AFP)

पाकिस्तान में दर्दनाक हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई है। एक निजी स्कूल की छत गिरने के कारण दबकर 28 बच्चों की जान चली गई। इनमें एक शिक्षिका भी शामिल है। घटना के बाद से ही अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। साथ ही जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। हादसा सुबह 9 बजे के आसपास हुआ है। फिलहाल, घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं हैं और उनका इलाज जारी है।

पाकिस्तान के पेशावर में दीर कॉलोनी स्थित एक अल खैर स्कूल में यह दर्दनाक हादसा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में 28 बच्चों की मौत हो गई है। जबकि, डॉन से बातचीत में लेडी रीडिंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता मोहम्मद आसिम के हवाले से बताया गया है कि 27 बच्चों और एक शिक्षिका की मौत हुई है। उन्होंने यह भी बताया है कि अस्पताल में भी आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पेशावर उपायुक्त अफाक वजीर ने बताया है कि राहत कार्य पूरा हो गया है। उन्होंने कहा, 'बचाव कार्य में लगी टीमों ने मलबे को हटा दिया है और मौके पर कोई भी घायल बच्चा अब नहीं रह गया है।'

सभी 13 साल से कम उम्र के

आसिम ने यह भी बताया है कि हादसे में जान गंवाने वालों अधिकांश की उम्र 13 साल से कम है। इससे पहले रेस्क्यू 1122 प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया था कि छात्रों और शिक्षकों समेत करीब 20 लोगों को बचाया गया है। उन्होंने पहले आशंका जताई थी कि मलबे में कई बच्चे दबे हो सकते हैं।

कैसे हुआ हादसा

एएफपी के से बातचीत में एक अधिकारी ने बताया कि ऊंचा फ्लोर गिरने के बाद सीलिंग बच्चों पर आ गिरी थी। इस दौरान कुल दो फ्लोर गिरे हैं। इधर, पेशावर के पुलिस अधिकारी डॉक्टर मियां सईद अहमद ने कहा कि इमारत का ढांचा कमजोर था। उन्होंने कहा, 'छत पर निर्माण होने के चलते जरूरत से ज्यादा वजन हो गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।'

कब हुआ हादसा

रिपोर्ट के अनुसार, पेशावर उपायुक्त के कार्यालय की तरफ से बताया गया है कि घटना के समय छात्र क्लास में मौजूद थे। खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैजल करीम कुंडी ने घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा है कि इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही अधिकारियों को घटना की वजह का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और अधिकारियों को बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

क्या बोले चश्मदीद

वेबसाइट से बातचीत में समीउल्लाह नाम के शख्स ने बताया कि वह जानकारी लगते ही मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा, 'मैंने 8 साल से कम उम्र की तीन बच्चियों को बचाया है। समय सुबह करीब 8 बजकर 50 मिनट हो रहा था। मुझे फोन आया और मुझे पहुंचने में 10 मिनट लगे। मैं वहां सुबह 9 बजे करीब पहुंच गया था। हमारे 6 बच्चे इस स्कूल में पढ़ते हैं।'

उन्होंने कहा, 'जब मैंने बिल्डिंग देखी, तो मुझे लगा कि ग्राउंड फ्लोर पर पढ़ने वाले बेटे की मौत हो गई है। लेकिन वह पानी पीने क्लास से निकल गया था।'

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़पाकिस्तान में स्कूल की छत गिरी, दबकर मर गए 28 बच्चे